CHHAPRA DESK - पांचवे नेशनल जेवलिन डे के अवसर पर आज जयप्रकाश विश्वविद्यालय के सिंथेटिक ग्राउंड में जिला स्तरीय जेवलिन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. इस सबंध में सारण जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव गजेंद्र सिंह व कार्यकारी अध्यक्ष अजय कुमार सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता का आयोजन ओलंपियन नीरज चोपड़ा के सम्मान में हर साल राज्य के हर जिले में आयोजित की जाती है. सचिव श्री सिंह ने बताया कि राज्य संघ के निदेशानुसार उक्त प्रतियोगिता चार आयु वर्ग में आयोजित की गयी. प्रतियोगिता का उद्देश्य जेवलिन थ्रो इवेंट में नई प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें आगे बढ़ाना है. वहीं नए युवाओं को भी इससे प्रेरणा और जागरुकता प्रदान करना है. संयोजक संजय कुमार सिंह ने बताया कि आयोजन की उपलब्धी यह रही कि अंडर 16 बालिका वर्ग में एक बेहतर खिलाड़ी के रूप में शिल्पी कुमारी की पहचान की गयी. उन्होंने 25.93 मीटर भाला फेंका. उनमें बेहतर संभावना नजर आई. संघ ने निर्णय लिया है कि ऐसी विशेष क्षमता और संभावना वाले बच्चों को विशेष मार्गदर्शन और कोचिंग प्रदान कर आगे बढ़ाया जाए. आयोजक टीम के सह संयोजक व स्टूडेंट्स क्लब अमनौर के सचिव कमलजीत कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में एससी अमनौर के आदित्य कुमार प्रथम, प्रिंस कुमार द्वितीय और सूरज कुमार तृतीय स्थान पर रहे. अंडर 16 बालक वर्ग में छपरा के मुन्ना कुमार प्रथम, रोहित कुमार द्वितीय और किसन कुमार तृतीय स्थान पर रहे. अंडर 18 बालिका वर्ग में छपरा की खुशी कुमारी प्रथम, सोनाली कुमारी द्वितीय और राजनंदनी कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया. अंडर 16 बालिका वर्ग में शिल्पी कुमारी प्रथम, रागिनी कुमारी द्वितीय और सीता कुमारी ने तीसरा स्थान हासिल किया. विजेताओं को खेल प्रशिक्षक रमेश सिंह, संघमित्रा फुटबॉल क्लब के डीके सिंह व अशोक सिंह ने मेडल द्वारा पुरस्कृत कर सम्मानित किया.