CHHAPRA DESK- शिक्षा के क्षेत्र में नए प्रयोगों और नवाचारी गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों के विकास में योगदान देने वाली सारण जिले की शिक्षिका डॉ पूजा कुमारी को TFM गुरु गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया. यह सम्मान 01 नवंबर 2026 को बिहार विश्वविद्यालय, मुजफ्फरपुर के सीनेट हॉल में आयोजित द टीचर्स फ्यूचर मेकर्स, बिहार (TFM) संकल्प दिवस सह सम्मान समारोह–2026 में प्रदान किया गया. डॉ पूजा कुमारी उच्च माध्यमिक विद्यालय सेमरी, मशरक (सारण) में कार्यरत हैं. TFM बिहार की ओर से यह सम्मान ऐसे शिक्षकों को दिया गया, जो अपने विद्यालयों में शिक्षण को अधिक प्रभावी और रुचिकर बनाने के लिए पारंपरिक तरीकों से हटकर नवाचारपूर्ण गतिविधियों को अपनाते हैं तथा विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत हैं. समारोह में डॉ पूजा को बिहार विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो (डॉ) दिनेश चंद्र राय, देश के प्रख्यात गणितज्ञ एवं पटना विश्वविद्यालय तथा नालंदा खुला विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो (डॉ) केसी सिन्हा, प्रसिद्ध शिक्षाविद् गुरु रहमान, CID बिहार के निदेशक श्री बीके चौधरी और पटना विधि महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्य प्रो (डॉ) वाणी भूषण ने संयुक्त रूप से सम्मानित किया. इस अवसर पर सारण के विधान पार्षद सच्चिदानंद राय विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे. कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी की भी उपस्थिति रही. इस उपलब्धि पर शिक्षिका ने आयोजकों एवं TFM बिहार की पूरी टीम के प्रति आभार जताया. उन्होंने कहा कि इस तरह का सम्मान शिक्षकों का उत्साह बढ़ाने के साथ-साथ शिक्षा में नए प्रयोग करने और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए और बेहतर प्रयास करने की प्रेरणा देता है.