CHHAPRA DESK - सारण जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में विद्युत विभाग की निर्माणाधीन एवं प्रगतिरत संचरण (Transmission) परियोजनाओं के निष्पादन में आरओडब्ल्यू (Right of Way) से संबंधित उत्पन्न बाधाओं के निराकरण एवं आवश्यक प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में विद्युत विभाग के अधिकारियों ने जिले में संचालित विभिन्न निर्माणाधीन विद्युत परियोजनाओं की प्रगति, भूमि संबंधी समस्याओं, आर.ओ.डब्ल्यू. से जुड़े मामलों तथा परियोजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों से जिला पदाधिकारी को अवगत कराया. इस दौरान जिला पदाधिकारी ने सभी प्रखंडों में निर्माणाधीन विद्युत अवसंरचनाओं से संबंधित समस्याओं की बिंदुवार समीक्षा की.

समीक्षा के क्रम में सर्वप्रथम परसा प्रखंड के अंतर्गत 400 केवी विद्युत संचरण लाइन के 10 लोकेशनों पर कार्य में आ रही बाधाओं की जानकारी ली गई. अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय स्तर पर मुख्य रूप से मुआवजे की मांग को लेकर कार्य प्रभावित हो रहा है. इस पर जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में भूमि का नहीं, बल्कि फसल क्षति का मुआवजा देय होता है तथा ऊर्जा विभाग द्वारा इसके लिए निर्धारित प्रावधानों के अनुसार उचित दर पर मुआवजा उपलब्ध कराया जाता है. उन्होंने सदर अनुमंडल पदाधिकारी को तिथि निर्धारित कर पर्याप्त पुलिस बल के साथ कार्य संपादित कराने का निर्देश दिया. अमनौर प्रखंड में एक स्थान पर उत्पन्न समस्या के संबंध में जिला पदाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. वहीं मशरक प्रखंड में 17 विभिन्न लोकेशनों पर कार्य प्रभावित होने की जानकारी मिलने पर उन्होंने मढ़ौरा अनुमंडल पदाधिकारी को पर्याप्त पुलिस बल के सहयोग से समस्याओं का चरणबद्ध समाधान कराते हुए निर्माण कार्य को गति देने के निर्देश दिए. वहीं छपरा–गोपालगंज बाईपास पर निर्माणाधीन विद्युत संरचनाओं में आ रही बाधाओं के संबंध में जिला पदाधिकारी ने संबंधित अंचलाधिकारी एवं थाना प्रभारी को निर्देशित किया कि सभी समस्याओं का चरणबद्ध निराकरण सुनिश्चित करते हुए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के साथ निर्माण कार्य संपन्न कराया जाए.

इसी प्रकार छपरा–न्यू रघुनाथपुर क्षेत्र के तीन लोकेशनों पर उत्पन्न समस्याओं के संबंध में संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं थाना प्रभारी को आपसी समन्वय स्थापित कर त्वरित कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्य में आ रही बाधाओं को दूर करने का निर्देश दिया गया.