CHHAPRA DESK- सारण जिले के परसा थाना क्षेत्र अंतर्गत भगवानपुर में बाढ़ के पानी में डूबने से एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई. मृतक की पहचान स्थानीय थाना क्षेत्र के चांदपुरा गांव निवासी स्वर्गीय भूटेली महतो के 37 वर्षीय पुत्र श्याम बाबू महतो के रूप में की गई है. बताया जाता है कि वह घर से राशन खरीदने के लिए निकले थे. उसी दौरान भगवानपुर नहर के पास पैर फिसलने से बाढ़ के पानी में गिर गए और डूबने से उनकी मौत हो गई. घटना की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई. वहीं, गांव में शोक की लहर दौड़ गई. घटना के बाद आसपास के लोगों को इसकी जानकारी मिली, जिसके बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर जुट गए और ग्रामीणों की मदद से नहर से शव को निकाला गया. वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा जहां शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद उसे पुलिस को सौंप दिया गया. वह अपने पीछे पत्नी सरिता देवी और तीन बच्चों को छोड़ गये हैं. बताया जा रहा है कि वह घर के कमाऊ सदस्य थे. उनकी मौत के बाद परिवार के सामने रोजी-रोटी की समस्या उत्पन्न हो गई है.

