CHHAPRA DESK - भारत सरकार की महत्वाकांक्षी पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को आम लोगों तक पहुंचाने एवं अधिक से अधिक परिवारों को रूफटॉप सोलर से जोड़ने के उद्देश्य से 07 व 08 अगस्त को विशेष कैंप का आयोजन किया जा रहा है. ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए जिला के सभी प्रखण्ड कार्यालय एवं छपरा नगर निगम के उपभोक्ताओं लिए विद्युत कार्यपालक अभियंता, छपरा (पश्चिमी) के कार्यालय में कैंप का आयोजन किया जाएगा. इस कैंप में आम नागरिकों को योजना से संबंधित रूफटॉप सोलर प्लांट, सरकारी सब्सिडी, आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, सोलर सिस्टम की क्षमता एवं स्थापना से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी जाएगी. इच्छुक घरेलू उपभोक्ताओं को आवेदन करने में भी आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहायता उपलब्ध कराई जाएगी. साथ हीं बैंक के प्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे, ताकि उन्हें लोन आसानी से उपलब्ध कराया जा सकें. पीएम सूर्य घरः मुफ्त बिजली योजना का उद्देश्य देशभर के एक करोड़ परिवारों को रूफटॉप सोलर से जोड़ना है. योजना के तहत पात्र घरेलू उपभोक्ताओं को केंद्र सरकार द्वारा सोलर सिस्टम की क्षमता के अनुसार वित्तीय सहायता दी जाती है. वर्तमान प्रावधानों के अनुसार 1 किलोवाट पर ₹30,000, 2 किलोवाट पर ₹60,000 तथा 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता पर अधिकतम ₹78,000 तक केंद्रीय वित्तीय सहायता का प्रावधान है. कैंप में उपभोक्ताओं को ऑनलाइन आवेदन, अधिकृत विक्रेता के चयन, रूफटॉप सोलर स्थापना तथा सब्सिडी प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी. योजना के लिए आवेदन राष्ट्रीय पोर्टल के माध्यम से किया जाता है. इस योजना के तहत उपभोक्ता सौर ऊर्जा को अपनाकर बिजली खर्च में बचत के साथ स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने में अपना योगदान दे सकते हैं साथ ही बिजली बिल खर्च से भी छुटकारा पा सकते हैं
पीएम सूर्य घरः मुफ्त बिजली योजना के तहत सभी उपभोक्ताओं के लिए 07 व 08 अगस्त को लगेगा कैंप


