CHHAPRA DESK- सर्पदंश से मृत एक व्यक्ति का शव पोस्टमार्टम के लिए पहुंचा तो वहां थोड़ी देर के लिए अफरातफरी मच गई. क्योंकि, उस मृत व्यक्ति के कपड़े में विषैला सांप छुपा हुआ था. बताया जा रहा है कि उसी सांप के डसने से मौत हुई है. घटना सारण जिले के दरियापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रघुपुर बेला गांव की है. जहां सर्पदंश से मृत व्यक्ति के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया तो जिस सांप के काटने से उसकी मृत्यु हुई थी, वह भी उसी के कपड़े में छुपा था. जब पोस्टमार्टम कक्ष के बाहर एंबुलेंस से शव को उतारा जाने लगा तो शव को जिस बिस्तर के साथ लाया गया था, उसी कपड़े से एक सांप निकलकर भागने लगा और एंबुलेंस के इंजन में छुप गया. जिसके बाद काफी खोजबीन पर भी सांप नहीं मिल सका. सर्पदंश से मृत व्यक्ति दरियापुर थाना क्षेत्र के रघुपुर बेला गांव निवासी स्व ललन ओझा का 54 वर्षीय पुत्र अमरेश ओझा बताया गया है. घटना के संबंध में बताया जाता है कि बिस्तर पर सोने के समय में उन्हें किसी विषैले सर्प ने डस लिया था. उस दौरान उनके दाहिने पैर की कानी उंगली में सर्पदंश के जख्म का निशान बना था. जिसके बाद उन्हें मृत पाकर घर परिवार वालों में रोना-पीटना लग गया. वहीं सूचना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा. जबकि उस व्यक्ति को काटने के बाद सांप उसके द्वारा अस्पताल ले गए बिस्तर में ही छुपा हुआ था. ऐसी स्थिति में एक और हादसा होते-होते बच गया.
पोस्टमार्टम के लिए भेजे गये शव के कपड़े में निकला विषैला सांप ; उसी सांप के डसने से ही हुई थी मौत

