SIWAN DESK- --सिवान जिले के मैरवा में शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान उत्पाद विभाग की पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. शराब लदी दो कारों का पीछा करते हुए पुलिस टीम उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के रामपुर बुजुर्ग तक पहुंच गई. उस दौरान तस्करों की ओर से पुलिस पर फायरिंग किए जाने की सूचना है. जवाबी कार्रवाई के दौरान एक कार के पिछले पहिये में दो गोलियां लगीं. हालांकि, कार सवार वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए. पुलिस ने कार से अंग्रेजी शराब की 50 पेटियां बरामद की हैं, जिसकी कीमत करीब ढाई लाख रुपये बताई जा रही है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, मैरवा के लक्ष्मीपुर ओवरब्रिज के समीप उत्पाद विभाग की पुलिस को सिवान की ओर जा रही दो संदिग्ध कारें दिखाई दीं. दोनों कारों में शराब लदी होने की आशंका थी. पुलिस को देखते ही चालक वाहनों की रफ्तार बढ़ाकर भागने लगे. जिसके बाद उत्पाद विभाग की टीम ने दोनों कारों का पीछा शुरू कर दिया। दोनों कारें मैरवा-गुठनी नहर मार्ग से परसिया होते हुए उत्तर प्रदेश के रामपुर बुजुर्ग पहुंच गईं. उसी दौरान पीछा कर रही पुलिस टीम की ओर से फायरिंग की गई, जिसमें यूपी नंबर की एक कार के पिछले पहिये में दो गोलियां लगीं.
चेकपोस्ट के पास कार छोड़कर फरार हुए तस्कर
गोली लगने के बावजूद कार सवार नहीं रुके. बाद में रामपुर चेकपोस्ट के समीप तस्कर कार छोड़कर फरार हो गए. वहीं, दूसरी कार सलेमपुर की ओर भागने में सफल रही. घटना के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस ने शराब लदी कार को कब्जे में लेकर तलाशी ली. तलाशी के दौरान कार से अंग्रेजी शराब की 50 पेटियां बरामद हुईं. जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब ढाई लाख रुपये बताई जा रही है. घटना के बाद उत्पाद विभाग की टीम सिवान लौट गई, जबकि यूपी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर उसके मालिक की पहचान करने और फरार तस्करों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है.

