CHHAPRA DESK- सारण जिला अंतर्गत मशरक थाना क्षेत्र अंतर्गत महावीर चौक के पास स्थित एसबीआई के एटीएम में एक साथ घुसे आधा दर्जन संदिग्ध लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया. पुलिस सभी से पूछताछ कर मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है. घटना को लेकर इलाके में चर्चा का माहौल है. स्थानीय लोगों के अनुसार, एटीएम के अंदर और बाहर करीब दो घंटे से आधा दर्जन लोग लगातार आ-जा रहे थे. उनकी गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर स्थानीय लोगों को शक हुआ. इसके बाद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।सूचना मिलते ही अपर थानाध्यक्ष संपूर्णानंद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और एटीएम परिसर में मौजूद सभी संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी. अपर थानाध्यक्ष ने बताया कि सभी से पूछताछ की जा रही है. पूछताछ पूरी होने के बाद ही मामले में कुछ स्पष्ट जानकारी दी जा सकती है. गौरतलब है कि महावीर चौक के आसपास स्थित एटीएम केंद्रों में कार्ड बदलकर ठगी किए जाने की घटनाएं समय-समय पर सामने आती रही हैं. ऐसे में एटीएम परिसर में संदिग्ध लोगों की गतिविधियों को लेकर स्थानीय लोगों की सतर्कता महत्वपूर्ण मानी जा रही है. फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों की भूमिका की जांच कर रही है. वहीं डीएसपी संजय कुमार सुधांशु ने आम लोगों से अपील की है कि एटीएम से पैसे निकालते समय सतर्क रहें. अपना एटीएम कार्ड किसी अनजान व्यक्ति को न दें और न ही किसी को अपना पिन बताएं. पैसे निकालते समय पिन डालने के दौरान कीपैड को हाथ से ढक लें. यदि कोई अनजान व्यक्ति मदद करने के बहाने कार्ड लेता है तो सावधान रहें. एटीएम से निकलने के बाद यह सुनिश्चित कर लें कि कार्ड आपका ही है. किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि या कार्ड बदलकर ठगी की आशंका होने पर तत्काल बैंक और पुलिस को सूचना दें.