CHHAPRA DESK- प्रेम-प्रसंग का एक हैरान कर देने वाला मामला भेल्दी थाना क्षेत्र के तरवार गांव में सामने आया है, जहां अपनी प्रेमिका से शादी की जिद पर अड़ा एक युवक गले में फंदा डालकर 33 हजार वोल्ट के हाई-टेंशन बिजली टावर पर चढ़ गय. युवक करीब 6 घंटे तक टावर पर चढ़ा रहा, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. प्राप्त जानकारी के अनुसार भेल्दी थाने के तरवार गांव के सुधीर सिंह नामक युवक अपनी प्रेमिका को पाने के लिए यह आत्मघाती कदम उठाने पर आमादा था. वह हाथ में रस्सी का फंदा लेकर सीधे 33 हजार वोल्ट के बिजली टावर की ऊंचाई पर जा बैठा और नीचे कूदने या फांसी लगाने की धमकी देने लगा. टावर पर युवक को देख ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई. किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए तत्काल बिजली विभाग को सूचना देकर सप्लाई बंद कराई गई.
6 घंटे बाद पुलिस को मिली सफलता
घटना की सूचना मिलते ही भेल्दी थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस पदाधिकारियों और स्थानीय ग्रामीणों ने युवक को लगातार समझाने-बुझाने का प्रयास किया, लेकिन वह प्रेमिका को बुलाने की जिद पर अड़ा रहा. करीब 6 घंटे की कड़ी मशक्कत और सूझबूझ के बाद पुलिस ने युवक को सुरक्षित नीचे उतारने में सफलता पाई.
हिरासत के बाद भेजा गया जेल
टावर से नीचे उतरते ही पुलिस ने युवक को तुरंत अपनी हिरासत में ले लिया. सार्वजनिक शांति भंग करने और आत्महत्या का प्रयास कर कानून व्यवस्था के लिए संकट खड़ा करने के आरोप में पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी युवक को जेल भेज दिया है.

