SONPUR / HAJIPUR DESK - श्रावणी मेला के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन तथा कांवरिया श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पुराने गंडक पुल से सोनपुर-हाजीपुर के बीच वाहनों के आवागमन पर अस्थाई रूप से रोक लगा दी गई है. कार्यपालक अभियंता, पथ प्रमंडल, हाजीपुर द्वारा पुराने गंडक पुल के संयुक्त निरीक्षण के उपरांत प्राप्त जांच प्रतिवेदन में पुल की वर्तमान स्थिति को देखते हुए केवल हल्के वाहनों के उपयोग की अनुशंसा की गई है. इसी के आलोक में अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, हाजीपुर के साथ विचार-विमर्श के बाद निम्नलिखित व्यवस्था लागू की गई है.
पुराने गंडक पुल पर व्यवस्था
श्रावणी मेला-2026 के दौरान पहलेजा घाट एवं कालीघाट से जल भरकर बाबा हरिहरनाथ मंदिर होते हुए बाबा गरीबनाथ मंदिर, मुजफ्फरपुर जाने वाले कांवरिया श्रद्धालुओं की अत्यधिक भीड़ को देखते हुए पुराने गंडक पुल से सोनपुर से हाजीपुर तथा हाजीपुर से सोनपुर की ओर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा. पुराना गंडक पुल केवल पैदल यात्रियों एवं श्रद्धालुओं के लिए खुला रहेगा.सोनपुर एवं हाजीपुर के बीच आवागमन करने वाले सभी वाहन नए गंडक पुल का उपयोग करेंगे.
नए गंडक पुल पर विशेष यातायात व्यवस्था
श्रावणी मेला के दौरान 30 जुलाई 2026 से 28 अगस्त 2026 तक श्रावण मास के प्रत्येक सप्ताह शुक्रवार से सोमवार तक हाजीपुर से सोनपुर एवं सोनपुर से हाजीपुर की ओर भारी वाहनों के परिचालन पर प्रतिबंध रहेगा. श्रद्धालुओं, पर्यटकों एवं आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए विशेष यातायात प्रबंधन लागू किया गया है. इस व्यवस्था के संचालन एवं अनुश्रवण की जिम्मेदारी अनुमंडल पदाधिकारी हाजीपुर/सोनपुर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी हाजीपुर/सोनपुर तथा अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात), वैशाली के जिम्मे रहेगी.
जिला प्रशासन ने सभी वाहन चालकों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का पालन करें तथा यातायात पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का अनुपालन करते हुए श्रावणी मेला-2026 के सफल एवं सुरक्षित संचालन में सहयोग प्रदान करें.
भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग
* छपरा से हाजीपुर की ओर आने वाले भारी वाहन :
छपरा → शीतलपुर (दिघवारा) → परसा → मकेर → रेवाघाट → बखरा चौक → वैशाली → लालगंज → अंजानपीर होते हुए हाजीपुर पहुंचेंगे. इन वाहनों का हाजीपुर शहर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
* पटना से महात्मा गांधी सेतु होकर आने वाले भारी वाहन
पटना से आने वाले भारी वाहन रामाशीष चौक नहीं जाएंगे. वे बीएसएनएल गोलंबर से फ्लाईओवर होते हुए अंजानपीर पहुंचेंगे तथा वहां से लालगंज → वैशाली → बखरा चौक → रेवाघाट → परसा → शीतलपुर होते हुए छपरा एवं मुजफ्फरपुर की ओर जाएंगे.


