CHHAPRA DESK- सारण जिले के गड़खा थाना अंतर्गत मुख्य मार्ग पर बीती रात हुए भीषण सड़क खाते में मरने वालों की संख्या चार तक पहुंच गई है. वहीं अन्य घायलों का उपचार चल रहा है. बता दें कि अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से टेंपो दुर्घटनाग्रस्त हुई थी. उस दौरान दो लोगों की मौके पर मौत हुई थी. बताया जा रहा है कि गड़खा थाना क्षेत्र के छपरा-मुजफ्फरपुर एनएच-722 पर भैंसमारा के समीप यह हादसा हुआ है. इस दर्दनाक हादसे में टेंपो चालक समेत चार लोगों की मौत हो गई. जबकि, कई लोग घायल हो गए. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. उस दौरान 112 डायल के रात्रि पर मौजूद एसआई अंकित कुमार सिंह के द्वारा सभी घायलों को उठाकर आनन-फानन में श्रीनिवास अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन वहां भी उपचार के दौरान दो की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि टेंपो छपरा से सवारी लेकर गड़खा की ओर जा रहा था, तभी भैंसमारा के समीप हादसा हो गया. मृतकों में परसा थाना क्षेत्र के पूरे छपरा गांव निवासी विशाल कुमार राम की 26 वर्षीय पत्नी अनुकुमारी, भगवान बाजार थाना क्षेत्र के कटरा गांव निवासी भोला प्रसाद के 15 वर्षीय पुत्र अमन कुमार, भगवान बाजार थाना क्षेत्र के रतनपुरा स्थित आशुतोष लेन निवासी सुरेंद्र प्रसाद के 25 वर्षीय पुत्र आशीष कुमार तथा नौ माह का एक बच्ची निशु कुमारी शामिल हैं. हादसे में विशाल कुमार राम और एक बच्ची सहित अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं. पुलिस मामले की जांच में जुटी है. वही शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है, जहां पोस्टमार्टम कराए जाने की प्रक्रिया जारी है.