BHAGALPUR DESK - बिहार के सबसे व्यस्त इलाकों में शुमार भागलपुर रेलवे स्टेशन पर आज अपराधियों ने दुस्साहस की हद पार कर दी. प्लेटफॉर्म संख्या-6 के गेट के पास करीब 7 से 8 की संख्या में पहुंचे हमलावरों ने एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया. पहले युवक के साथ जमकर मारपीट की गई, फिर चाकू से वार कर उसे लहूलुहान कर दिया गया. उस दौरान अपराधियों ने दहशत फैलाने के लिए पिस्टल से फायरिंग भी की. गोली युवक के हाथ को छूते हुए निकल गई. दिनदहाड़े स्टेशन परिसर के पास हुई इस वारदात के बाद यात्रियों और स्थानीय लोगों में अफरातफरी मच गई. वारदात को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर मौके से फरार हो गए. रेलवे स्टेशन जैसे संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थान पर चाकूबाजी और फायरिंग की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

मोबाइल छिनतई के विरोध से शुरू हुआ विवाद

 मिली जानकारी के अनुसार, भागलपुर रेलवे स्टेशन पर एक यात्री के मोबाइल छिनतई का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि मोबाइल छिनतई का विरोध करने और पीड़ित यात्री की मदद करने के कारण युवक हमलावरों के निशाने पर आ गया. आरोप है कि इसी विवाद के करीब एक घंटे बाद अपराधी अपने अन्य साथियों के साथ हथियारों से लैस होकर पहुंचे और युवक को घेर लिया. जिसके बाद उसके साथ मारपीट, चाकूबाजी और फायरिंग की गई. हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम और हमले के पीछे की वजह की पुलिस जांच कर रही है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों की संख्या करीब 5 से 8 थी. सभी ने पहले युवक को घेरकर बेरहमी से पीटा. जिसके बाद चाकू से हमला किया गया. उसी बीच एक हमलावर ने पिस्टल निकालकर गोली चला दी. गोली युवक के हाथ को छूते हुए निकल गई. अचानक हुई फायरिंग से स्टेशन के आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गया. लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे. घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है.

 जीआरपी ने दर्ज की प्राथमिकी

इस घटना को लेकर जीआरपी थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर नसीम अहमद ने बताया कि प्लेटफॉर्म संख्या-6 के गेट के बाहर अपराधियों ने युवक पर चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया. घायल को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. घटना के संबंध में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है. फरार आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है.