SIWAN DESK- सिवान जिले के दरौंदा थाना क्षेत्र के कमसड़ा गांव में विवाद शांत कराने पहुंची डायल 112 की पुलिस टीम के साथ गाली-गलौच, धक्का-मुक्की और दुर्व्यवहार करने का मामला सामने आया है. इस मामले में पुलिस ने कमसड़ा गांव निवासी मुकेश राम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. पुलिस ने उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. घटना बीती देर रात की बतायी जा रही है. मिली जानकारी के अनुसार, डायल 112 में तैनात पुलिस पदाधिकारी शबनम अपनी टीम के साथ ड्यूटी पर थीं. उसी दौरान रात करीब 8:03 बजे कमसड़ा गांव में विधि-व्यवस्था से संबंधित सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची. टीम जब लाल बहादुर शास्त्री हाई स्कूल सह प्लस टू कॉलेज के समीप पहुंची, तो वहां करीब 200 मीटर की दूरी पर मुकेश कुमार ग्रामीणों के साथ गाली-गलौज और विवाद करते दिखे. पुलिस टीम ने विवाद शांत कराने और मामले को समझने का प्रयास किया. आरोप है कि इसी दौरान मुकेश कुमार पुलिसकर्मियों के साथ भी गाली-गलौच करने लगा. उन्होंने पुलिसकर्मियों पर पांच लाख रुपये निकाल लेने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया. जिसके बाद पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की और दुर्व्यवहार किया तथा डायल 112 की टीम को वापस लौट जाने के लिए कहने लगे. इस संबंध में डायल 112 में पदस्थापित पुलिस पदाधिकारी शबनम के आवेदन पर दरौंदा थाना में कांड संख्या 462/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है. मामले के अनुसंधान की जिम्मेदारी एसआई अभिमन्यु कुमार को सौंपी गयी है. पुलिस ने आरोपी मुकेश राम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. मामले में आगे की जांच की जा रही है.