CHHAPRA DESK - सारण जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने आज छपरा राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल का निरीक्षण कर अस्पताल में उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, आधारभूत संरचनाओं एवं विभिन्न व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की. इस अवसर पर सिविल सर्जन, अधीक्षक, राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे. निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने ओपीडी, इमरजेंसी, वार्ड, औषधि वितरण केंद्र, जांच सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति तथा मरीजों एवं उनके परिजनों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया. उन्होंने मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही उपचार व्यवस्था, दवाओं की उपलब्धता एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी जानकारी प्राप्त की. निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने अस्पताल की आधारभूत संरचनाओं के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित निर्माण एजेंसी को 15 अगस्त, 2026 तक हर हाल में सभी कार्य पूर्ण कर भवन का हैंडओवर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने बीएमएसआईसीएल के उप महाप्रबंधक को निर्देशित किया कि निर्माण एजेंसी को समयबद्ध ढंग से सभी कार्य पूर्ण कर हैंडओवर करने के लिए आवश्यक रूप से संवेदनशील (सेंसिटाइज) किया जाए तथा कार्यों की स्पष्ट समय-सीमा के साथ कार्ययोजना भी उपलब्ध कराई जाए. निर्माण एवं अन्य लंबित कार्यों की नियमित समीक्षा के लिए जिला पदाधिकारी ने अधीक्षक, राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, छपरा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति गठित करने का निर्देश दिया. समिति में निदेशक, एनईपी, निदेशक, डीआरडीए, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (स्वास्थ्य) सहित अन्य जिला स्तरीय प्रशासनिक पदाधिकारी तथा अधीक्षक द्वारा नामित एक वरिष्ठ पदाधिकारी को शामिल किया जाएगा. अस्पताल परिसर में जल निकासी (ड्रेनेज) व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जिला पदाधिकारी ने पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता से समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया. उन्होंने एम्बुलेंस एवं ब्लड बैंक की सुचारु उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु अस्पताल को सदर अस्पताल एवं ब्लड बैंक से टैग करने का भी निर्देश दिया.
राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल का डीएम ने निरीक्षण कर आधारभूत संरचनाओं, स्वास्थ्य सेवाओं एवं मरीजों को उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की


