CHHAPRA DESK - सारण प्रमंडल खाद्य संरक्षा अधिकारी सह अभिहित अधिकारी (छपरा, सिवान, गोपालगंज) नारायण राम के द्वारा रक्षाबंधन के अवसर पर शुद्ध व ताजा मिठाई लोगों को उपलब्ध कराये जाने को लेकर शहर के कई मिष्ठान दुकानों का निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के क्रम में उनके द्वारा शहर के प्रसिद्ध करीब आधा दर्जन मिष्ठान दुकानों की जांच कर उन्हें निर्देश दिया गया. वहीं कई मिठाइयों के सैंपल भी कलेक्ट किए गए जिसे जांच के लिए भेजा जा रहा है. वहीं लड्डू में प्रयोग किए जाने वाले कलरफुल बूंदी में कलर का जिक्र नहीं किए जाने के कारण उसे विनष्ट कराया गया. वहीं अनेक दुकानों से संदिग्ध खाद्य पदार्थों का सैंपल कलेक्ट किया गया है. जिन्हें जांच के लिए लैब भेजा गया है. उक्त अवसर पर खाद्य संरक्षा अधिकारी नारायण राम ने हलचल न्यूज़ को बताया कि शहर के दर्जनभर मिष्ठान दुकानों का निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान दर्जनभर मिठाई दुकानों का जांच किया गया. वहीं किचन एरिया में बिना ढक्कन का डस्टबिन तथा गंदगी भी पाई गई, जिसे तत्काल सुधारने हेतु निर्देश दिया गया. उन्होंने बताया कि खाद्य संरक्षण आयुक्त मनोज कुमार सिंह, डीएम वैभव श्रीवास्तव एवं सिविल सर्जन के निर्देश पर उनके द्वारा राखी पर्व से पूर्व जांच अभियान चलाया गया है. 

खाद्य संरक्षा मानक अधिनियम 2006 के तहत हो सकती है कार्रवाई 

उन्होंने बताया कि उनके द्वारा शहर के विभिन्न मिष्ठान दुकान से दर्जनों फूड व मिठाई के सैंपल कलेक्ट कर उन्हें जांच के लिए लैब भेजा गया है. मिष्ठान दुकानों से जब्त किए गए फूड सैंपल की जांच कराई जाएगी. अगर कोई खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता में दोष पाया जाता है तो उन दुकानदारों के ऊपर खाद्य संरक्षा मानक अधिनियम 2006 के तहत सुसंगत धाराओं में कानूनी कार्रवाई की जाएगी. जिसके तहत 5 लाख का जुर्माना के साथ 6 माह कारावास की सजा भी हो सकती है.