CHHAPRA DESK - 55वीं केन्द्रीय विद्यालय संगठन राष्ट्रीय खेलकूद प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीतकर लौटे पीएम केन्द्रीय विद्यालय, मशरक की अंडर-14 कबड्डी टीम का मंगलवार को मशरक जंक्शन पर ऐतिहासिक और भव्य स्वागत किया गया. खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है. स्टेशन परिसर में विद्यालय परिवार, अभिभावकों, छात्र-छात्राओं और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. जैसे ही टीम ट्रेन से उतरी, फूल-मालाओं, तालियों और जयघोष के बीच खिलाड़ियों का अभिनंदन किया गया. टीम के साथ पहुंचे कोच अंशु कुमार का भी लोगों ने गर्मजोशी से स्वागत किया. खिलाड़ियों को माला पहनाकर मिठाइयां खिलाई गईं और उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर शुभकामनाएं दी गईं. स्वागत के दौरान मौजूद लोगों ने कहा कि इन खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे मशरक और सारण जिले का गौरव बढ़ाया है. विद्यालय परिवार ने बताया कि पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय, मशरक की टीम ने पहली बार केवीएस राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता में भाग लिया और अपने पहले ही प्रयास में रजत पदक जीतकर इतिहास रच दिया. पूरे टूर्नामेंट में खिलाड़ियों ने अनुशासित खेल, शानदार टीमवर्क और बेहतरीन प्रदर्शन का परिचय दिया. फाइनल मुकाबले में टीम ने कड़ा संघर्ष किया और बेहद कम अंतर से स्वर्ण पदक से चूक गई, लेकिन रजत पदक जीतकर विद्यालय के खेल इतिहास में नया अध्याय जोड़ दिया। खिलाड़ियों के मशरक पहुंचने की सूचना पहले से ही विद्यालय परिवार और अभिभावकों को थी. इसी कारण बड़ी संख्या में लोग स्टेशन पहुंचे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया. स्वागत के दौरान वातावरण देशभक्ति और खेल भावना से ओतप्रोत रहा। बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी, वहीं अभिभावक अपने बच्चों की सफलता पर गर्व महसूस कर रहे थे. इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने कहा कि खिलाड़ियों की यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी. उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में विद्यालय के खिलाड़ी राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाएंगे. खिलाड़ियों ने भी इस सम्मान के लिए सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में वे और अधिक मेहनत कर विद्यालय तथा देश का नाम और ऊंचा करने का प्रयास करेंगे.