CHHAPRA DESK - सारण जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने आज समाहरणालय सभागार में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI), बिहार राज्य पुल निर्माण निगम, बुडको, पथ निर्माण विभाग (RCD) एवं भवन निर्माण विभाग (BCD) द्वारा संचालित विभिन्न आधारभूत संरचना परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की. बैठक में सड़क, पुल एवं भवन निर्माण से संबंधित परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति, कार्य प्रगति, भूमि अधिग्रहण, मुआवजा भुगतान, लंबित मामलों तथा परियोजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही प्रशासनिक एवं तकनीकी बाधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई. समीक्षा के क्रम में जिला पदाधिकारी ने विभिन्न परियोजनाओं के लिए भूमि अधिग्रहण से संबंधित अभिश्रव (वाउचर) के संग्रहण एवं मुआवजा भुगतान की स्थिति की जानकारी ली. उन्होंने सभी अंचल अधिकारियों को भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया में तेजी लाते हुए अधिक से अधिक रैयतों से वाउचर प्राप्त करने का निर्देश दिया, ताकि परियोजनाओं के निर्माण कार्य में अनावश्यक विलंब न हो. जिला पदाधिकारी ने विशेष कैंप आयोजित कर वाउचर संग्रहण एवं भुगतान संबंधी कार्यों को गति देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इन कैंपों में संबंधित निर्माण एजेंसियां अपनी टीम के माध्यम से डोर-टू-डोर संपर्क कर रैयतों को कैंप तक लाने एवं आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराने में सहयोग करें. विशेष कैंपों में जिला स्तर से अपर समाहर्ता, उप समाहर्ता भूमि सुधार एवं जिला भू-अर्जन पदाधिकारी भी उपस्थित रहकर कार्यों की निगरानी करेंगे. उन्होंने विकास मित्र, आवास सहायक एवं अन्य पंचायत स्तरीय कर्मियों के माध्यम से घर-घर संपर्क अभियान चलाने तथा माइकिंग के माध्यम से व्यापक जन-जागरूकता अभियान संचालित करने का निर्देश दिया, ताकि रैयतों को वाउचर जमा करने एवं मुआवजा संबंधी प्रक्रिया पूरी करने के लिए प्रेरित किया जा सके. जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिन रैयतों द्वारा मुआवजा भुगतान लेने से इनकार किया जा रहा है, उन्हें नियमानुसार नोटिस देकर मुआवजा राशि न्यायालय में जमा कराने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा परियोजना के निर्माण कार्य को आगे बढ़ाने हेतु आवश्यक कार्रवाई की जाए.
पुल निर्माण एवं बाजार समिति परिसर की व्यवस्था की समीक्षा
बैठक में बिहार राज्य पुल निर्माण निगम द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा के दौरान दो प्रमुख परियोजनाओं की प्रगति पर विशेष चर्चा की गई. जिला पदाधिकारी ने बाजार समिति परिसर में वर्षा के कारण उत्पन्न कीचड़ एवं आवागमन में हो रही कठिनाइयों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों एवं निर्माण एजेंसियों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने तथा गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करने का निर्देश दिया.


