CHHAPRA DESK - बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति के सौजन्य एवं शिक्षा विभाग के सहयोग से आज जिला स्कूल के सभागार में जिला स्तरीय रेड रिबन क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गयी. जिसमें जिले के विभिन्न सरकारी एवं निजी विद्यालयों से चयनित 120 विद्यार्थियों ने भाग लिया. प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में एचआइवी-एड्स, रक्तदान एवं इससे जुड़ी भ्रांतियों के प्रति जागरूकता बढ़ाना था. प्रतियोगिता लिखित एवं मौखिक दोनों चरणों में हुई.
प्रतियोगिता में विशेश्वर सेमिनरी स्कूल के प्रकाश कुमार एवं रविकांत कुमार की जोड़ी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सीएनपीजी उच्च विद्यालय, बेनाउत की अनु कुमारी एवं रुखसार खातून दूसरे तथा जिला स्कूल की श्रेया कुमारी एवं सुप्रिया कुमारी तीसरे स्थान पर रहीं. विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। प्रतियोगिता में शामिल सभी विद्यार्थियों को भी प्रमाणपत्र दिया गया. पुरस्कार वितरण जिला स्कूल के प्राचार्य मनीष कुमार तिवारी ने किया. जिला आईसीटीसी पर्यवेक्षक एवं कार्यक्रम संयोजक अभय दास ने बताया कि प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी इस माह के अंत में पटना में आयोजित राज्य स्तरीय रेड रिबन क्विज में भाग लेंगे. कार्यक्रम में बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति के रिसोर्स पर्सन राकेश कुमार एवं शिवम कुमार ने क्विज मास्टर की भूमिका निभाई। मौके पर उर्मिला कुमारी, प्रभु, यशपाल, नीलू, मनिंदर, प्रवीर सिन्हा, सूरज एवं विजय सहित अन्य उपस्थित थे.


