CHHAPRA DESK- नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत आज सारण जिले के सभी विद्यालयों में शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं द्वारा नशा मुक्ति की शपथ ली गई. इस दौरान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया. इस पहल का मुख्य उद्देश्य युवाओं एवं विद्यार्थियों को तंबाकू, शराब तथा अन्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा उनमें स्वस्थ जीवनशैली की आदतों को प्रोत्साहित करना है. इस अभियान में विद्यालयों की सक्रिय सहभागिता के माध्यम से विद्यार्थियों में जिम्मेदारी, आत्मानुशासन एवं सामाजिक चेतना की भावना विकसित करने पर बल दिया गया. शिक्षक शिक्षिकाओं ने भी बच्चों को नशे से दूर रहने, सकारात्मक गतिविधियों को अपनाने तथा अपने आसपास के लोगों को जागरूक करने के लिए प्रेरित किया. विद्यालय स्तर पर इस प्रकार की सामूहिक शपथ एवं जागरूकता गतिविधियों से विद्यार्थियों में नशामुक्त जीवन के प्रति प्रतिबद्धता मजबूत होती है. साथ ही, विद्यार्थी अपने परिवार एवं समुदाय में जागरूकता के वाहक बनकर नशामुक्त समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं. सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से नशामुक्त भारत के लक्ष्य को जनभागीदारी से साकार करने तथा स्वस्थ, जागरूक एवं जिम्मेदार युवा पीढ़ी के निर्माण का संदेश दिया गया.