CHHAPRA DESK - नई नियमावली के विरोध में गर्दनीबाग, पटना में चल रहे अभ्यर्थियों के अनिश्चितकालीन आंदोलन को अब बड़ा राजनीतिक समर्थन मिलने लगा है. इसी क्रम में आज पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव दूसरी बार धरना स्थल पर पहुंचे और अभ्यर्थियों का उत्साह बढाया.
धरना स्थल पर अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए सांसद पप्पू यादव ने राज्य सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए और कहा कि युवाओं और अभ्यर्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. 16 अगस्त को भूख हड़ताल की घोषणा सांसद पप्पू यादव ने अभ्यर्थियों के आंदोलन को अपना पूर्ण समर्थन देते हुए घोषणा की कि आने वाले 16 अगस्त को वे खुद अभ्यर्थियों के साथ धरना स्थल पर एकदिवसीय भूख हड़ताल करेंगे.
अभ्यर्थियों ने सांसद के इस लगातार मिल रहे समर्थन और 16 अगस्त के भूख हड़ताल के फैसले का स्वागत करते हुए उनका आभार व्यक्त किया. अभ्यर्थियों का स्पष्ट कहना है कि जब तक नई नियमावली में आवश्यक संशोधन नहीं किए जाते और उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक गर्दनीबाग में यह आंदोलन शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहेगा.


