CHHAPRA DESK- सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक समरसता का संदेश लेकर आगे बढ़ना ही हम सभी का दायित्व : डॉ राहुल धर्म, आस्था, संस्कार और आध्यात्मिक चेतना के पावन संगम के रूप में सत्यनारायण मंदिर, छपरा में आयोजित हो रहे 'सत्य संकल्प चातुर्मास व्रत-2026' के अंतर्गत विराट महायज्ञ एवं धर्म सम्मेलन का भव्य एवं आध्यात्मिक आयोजन किया जा रहा है. इसी क्रम में सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के नवनिर्वाचित विधान पार्षद डॉ राहुल राज ने कार्यक्रम में सम्मिलित होकर दीप प्रज्वलित कर इस आध्यात्मिक अनुष्ठान का विधिवत शुभारंभ किया. इस अवसर पर उन्होंने जगतगुरु स्वामी मधुसूदन आचार्य महाराज के पावन सानिध्य में उपस्थित संत-महात्माओं का आशीर्वाद प्राप्त किया. कार्यक्रम का वातावरण वैदिक मंत्रोच्चार, धार्मिक अनुष्ठानों और भक्ति भाव से ओतप्रोत रहा. जगतगुरु स्वामी मधुसूदन आचार्य महाराज के पावन सानिध्य में आयोजित इस विराट धार्मिक आयोजन में श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है. इस अवसर पर नवनिर्वाचित विधान पार्षद डॉ राज ने कहा कि सनातन धर्म केवल हमारी धार्मिक आस्था का आधार नहीं, बल्कि हमारी सभ्यता, संस्कृति, संस्कार और जीवन मूल्यों की अमूल्य धरोहर है. संत-महात्माओं का सानिध्य और उनका आध्यात्मिक मार्गदर्शन व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा, नैतिकता, अनुशासन एवं सेवा भाव का संचार करता है. ऐसे धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन समाज को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के साथ-साथ नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक मूल्यों और जीवन के उच्च आदर्शों से परिचित कराने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं. उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान समय में समाज को भौतिक प्रगति के साथ-साथ आध्यात्मिक चेतना, मानवीय संवेदना और नैतिक मूल्यों की भी उतनी ही आवश्यकता है. धर्म हमें आपसी प्रेम, सद्भाव, सेवा, त्याग और सामाजिक समरसता का मार्ग दिखाता है. ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक विचारों का प्रसार होता है तथा लोगों को धर्म और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिलती है. उन्होंने इस पावन आयोजन के लिए आयोजकों एवं समस्त श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सनातन संस्कृति की गौरवशाली परंपराओं का संरक्षण, संवर्धन और उन्हें आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी का सामूहिक दायित्व है. संतों के विचारों और उनके बताए मार्ग को अपने जीवन में आत्मसात करना ही आध्यात्मिक आयोजनों की वास्तविक सार्थकता है.
सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक समरसता का संदेश लेकर आगे बढ़ना ही हम सभी का दायित्व : डॉ राहुल

