
CHHAPRA DESK – सारण जिले में संचालित बाढ़ सुरक्षा एवं तटबंध निर्माण कार्यों की प्रगति की मोनीटिंग को लेकर जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने आज तरैया प्रखंड अंतर्गत निर्माणाधीन हसनपुर-बनिया-सगुनी तटबंध परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया. उस दौरान उन्होंने कार्य की प्रगति, गुणवत्ता एवं निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप कार्य निष्पादन की स्थिति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए. जल संसाधन विभाग द्वारा हसनपुर-बनिया-सगुनी के बीच लगभग 8.33 किलोमीटर लंबा नया तटबंध निर्मित कराया जा रहा है. यह तटबंध क्षेत्र के लोगों को संभावित बाढ़ से अतिरिक्त सुरक्षा प्रदान करने तथा जान-माल की रक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बनाया जा रहा है. इस परियोजना के अंतर्गत लगभग 7 किलोमीटर तटबंध निर्माण कार्य पूर्ण किया जा चुका है, जबकि शेष कार्य तीन अलग-अलग हिस्सों में प्रगति पर है.

जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने मधोपुर पंचायत स्थित निर्माणाधीन खंड का निरीक्षण किया तथा कार्य की गुणवत्ता एवं गति का जायजा लिया. जिलाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता, बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल को स्पष्ट निर्देश दिया कि शेष सभी कार्यों को 30 जून तक हर हाल में पूर्ण कराया जाए. उन्होंने कहा कि संभावित बाढ़ को देखते हुए किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी तथा निर्धारित समय-सीमा का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए. जिलाधिकारी ने कहा कि तटबंध निर्माण कार्य जिले के बाढ़ सुरक्षा तंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा है और इससे बड़ी आबादी को राहत एवं सुरक्षा मिलेगी. उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने तथा आवश्यक संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने का निर्देश दिया. निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्य की नियमित निगरानी पर विशेष बल देते हुए अनुमंडल पदाधिकारी, मढ़ौरा को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य की प्रगति की प्रतिदिन समीक्षा एवं निगरानी सुनिश्चित करें.

उन्होंने कहा कि कार्य की दैनिक मॉनिटरिंग से किसी भी प्रकार की बाधा या विलंब की स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जा सकेगी. जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिया कि संभावित बाढ़ से पूर्व सभी सुरक्षात्मक एवं संरचनात्मक कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण कर लिया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को अधिकतम सुरक्षा उपलब्ध कराई जा सके. निरीक्षण के दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक, कार्यपालक अभियंता बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल, अनुमंडल पदाधिकारी मढ़ौरा, प्रखंड विकास पदाधिकारी तरैया, अंचलाधिकारी तरैया सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे.
