
CHHAPRA DESK – बिहार सरकार के सात निश्चय-3 के तहत सारण के डिग्री कॉलेज विहीन सभी प्रखंडों में 01 जुलाई से डिग्री कॉलेज का संचालन किया जाएगा. जिसको लेकर आज जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव के द्वारा डिग्री कॉलेजों का निरीक्षण कर कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया गया. बता दें कि वर्तमान में सारण के 11 प्रखंडों में डिग्री कॉलेज संचालित हैं. शेष 9 प्रखंडों में डिग्री कॉलेज के संचालन को लेकर तैयारी तेज कर दी गई है. इन सभी 9 प्रखंडों-तरैया, मकेर, एकमा, दरियापुर,मढ़ौरा, मशरक, लहलादपुर, पानापुर एवं इसुआपुर में शैक्षणिक सत्र को समय पर शुरू करने के लिए तात्कालिक व्यवस्था की गई है. निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि दरिहारा उच्च विद्यालय परिसर में डिग्री कॉलेज के लिए आवश्यक आधारभूत संरचना के निर्माण की प्रगति आशानुरूप नहीं है. वहां चार क्लासरूम, एक प्राचार्य कक्ष एवं एक प्रयोगशाला कक्ष (लैब) का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है.

जिलाधिकारी ने निर्माण एजेंसी को निर्देश दिया कि शेष बचा फर्श फिनिशिंग, रंग-रोगन एवं अन्य सौंदर्यीकरण से संबंधित सभी कार्य आगामी दो दिनों के भीतर हर हाल में पूर्ण कर लिए जाएं ताकि निर्धारित समय सीमा के भीतर कॉलेज का संचालन प्रारंभ किया जा सके. उन्होंने शौचालय निर्माण कार्य को भी प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया. वहीं कॉलेज परिसर में जलजमाव की संभावित समस्या को देखते हुए जिलाधिकारी ने प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्देश दिया कि पंचायत समिति से योजना स्वीकृत कराते हुए कॉलेज भवन के समक्ष तथा परिसर में आवश्यकतानुसार पेवर ब्लॉक लगाए जाएं. पेवर ब्लॉक का निर्माण इस प्रकार कराया जाए कि वर्षा का पानी आसानी से परिसर से बाहर निकल सके तथा किसी प्रकार का जलजमाव न हो. निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की प्रगति अपेक्षाकृत धीमी पाए जाने पर उन्होंने संबंधित कार्य एजेंसी एवं परियोजना निदेशक, एनएचएआई को कार्य में तेजी लाते हुए निर्माण को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण कराने का निर्देश दिया.

उन्होंने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों से संबंधित परियोजनाओं में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित किया जाए. जिलाधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार के निर्णय के अनुरूप जिले के सभी डिग्री कॉलेज विहीन प्रखंडों में आगामी 1 जुलाई से शैक्षणिक गतिविधियां प्रारंभ करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. इसके लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है. निरीक्षण के दौरान डीसीएलआर सोनपुर, प्रखंड विकास पदाधिकारी दरियापुर, अंचलाधिकारी दरियापुर, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी दरियापुर, कार्यपालक अभियंता LAEO सोनपुर सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे.
