SARAN DESK - सारण की बहू और बिहार ग्रामीण बैंक में मैनेजर के पद पर कार्यरत मोनी कुमारी ने यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रुस (5,643 मीटर) को सफलतापूर्वक फतह कर बिहार और अपने परिवार का नाम रोशन किया है. उन्होंने यह उपलब्धि 14 अगस्त 2026 की सुबह हासिल की. 15 अगस्त को शिखर आरोहण की योजना थी, लेकिन पर्वत पर खराब मौसम को देखते हुए सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने एक दिन पहले ही समिट पूरा किया.मोनी कुमारी ने 10 अगस्त से अपने माउंट एल्ब्रुस अभियान की शुरुआत की थी. अभियान के दौरान उन्हें अत्यधिक ठंड, तेज हवाओं, बर्फबारी, कम ऑक्सीजन, बर्फ से ढके कठिन रास्तों और मौसम में अचानक होने वाले बदलाव जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ा. कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने अपने दृढ़ संकल्प, साहस और आत्मविश्वास के साथ चोटी पर तिरंगा फहराने में सफलता हासिल की. यह मोनी कुमारी की दूसरी बड़ी अंतरराष्ट्रीय पर्वतारोहण उपलब्धि है. इससे पहले दिसंबर 2025 में उन्होंने अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो का सफलतापूर्वक आरोहण किया था. वह बेसिक माउंटेनियरिंग कोर्स (BMC) भी पूरा कर चुकी हैं.अपनी सफलता पर मोनी कुमारी ने अपने पति आशीष कुमार पंज, माता-पिता और सास-ससुर के निरंतर सहयोग एवं प्रोत्साहन के लिए आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि परिवार के सहयोग ने उन्हें अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए हमेशा प्रेरित किया. उन्होंने बिहार सरकार से भी सहयोग और प्रोत्साहन की अपेक्षा जताई है, ताकि पर्वतारोहण के क्षेत्र में अपने आगामी सपनों को पूरा कर सकें. मोनी कुमारी मूल रूप से आरा की रहने वाली हैं और सारण जिले के इशुआपुर प्रखंड के डटरा परसौली निवासी जदयू महासचिव विनोद कुमार सिंह की बहू हैं. पति आशीष कुमार कुंज रेलवे में कार्यरत है. बैंकिंग क्षेत्र में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के साथ-साथ पर्वतारोहण में लगातार उपलब्धियां हासिल कर उन्होंने युवाओं और खासकर बिहार की बेटियों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण पेश किया है. मोनी कुमारी की प्रमुख उपलब्धियो में से माउंट किलिमंजारो (दिसंबर 2025), माउंट एल्ब्रुस (14 अगस्त 2026), को फतह कर चुकी हैं.
सारण की बहू सह ग्रामीण बैंक मैनेजर मोनी ने यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रुस को किया फतह ; बिहार का नाम किया रौशन


