CHHAPRA DESK- सारण जिले के मढ़ौरा थाना क्षेत्र के असोइयां गांव में बीती रात फर्जी नर्सिंग होम में प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नर्सिंग होम को सील करते हुए संचालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. इस घटना के बाद परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया. उक्त मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने नर्सिंग होम और संचालक के अल्ट्रासाउंड केंद्र को सील कर दिया है. वहीं, नर्सिंग होम संचालक दिनेश प्रसाद राय को गिरफ्तार कर लिया गया है. जानकारी के अनुसार, मकेर थाना क्षेत्र की रहने वाली 25 वर्षीय महिला को प्रसव के लिए असोइयां स्थित निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था. प्रसव के दौरान महिला और उसके नवजात बच्चे की मौत हो गई थी. परिजनों का आरोप है कि इलाज में लापरवाही के कारण यह घटना हुई. मृतका के भाई मुकेश मांझी ने मढ़ौरा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई. बता दें कि वह मढ़ौरा थाना क्षेत्र के बरदहियां गांव के निवासी हैं. शिकायत मिलने के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (डीएसपी) सविंदर कुमार दास, थानाध्यक्ष राजकिशोर प्रसाद और अनुमंडलीय अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने असोइयां स्थित नर्सिंग होम में छापेमारी की. जांच के बाद नर्सिंग होम को सील कर दिया गया. जिसके साथ ही मढ़ौरा स्टेशन ढाला रोड के पास स्थित संचालक दिनेश प्रसाद राय के अल्ट्रासाउंड केंद्र को भी सील कर दिया गया.

स्थानीय चिकित्सा पदाधिकारी डॉ वीरेश कुमार ने बताया कि मृतका के परिजनों की लिखित शिकायत के आधार पर कार्रवाई की गई है. उन्होंने कहा कि जांच में नर्सिंग होम और अल्ट्रासाउंड केंद्र वैध दस्तावेजों एवं निर्धारित मानकों के बिना संचालित पाए गए. जिसके बाद दोनों संस्थानों को सील किया गया. वहीं, थानाध्यक्ष राजकिशोर प्रसाद ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. संचालक को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी है.