CHHAPRA DESK- सारण की बेटी निधि तिवारी ने 29वीं सब जूनियर सेपक टकरा नेशनल चैंपियनशिप में अपने दमदार प्रदर्शन से राष्ट्रीय स्तर पर जिले का परचम लहराया है. बिहार टीम का प्रतिनिधित्व कर रही निधि तिवारी ने शानदार प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया है. उसकी यह उपलब्धि लगातार दूसरी राष्ट्रीय सफलता है. पिछली बार रांची में हुए 28th सब जूनियर नेशनल चैंपियनशिप में निधि तिवारी ने डबल स्पर्धा में गोल्ड मेडल हासिल किया था. लगातार दो वर्षों तक राष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण जीतकर निधि ने अपनी प्रतिभा और निरंतर मेहनत का शानदार परिचय दिया है.

 एकलव्य में प्रशिक्षण ले रही निधि

सारण की निधि तिवारी को राज्य स्तर पर प्रशिक्षण का अवसर मिल रहा है. निधि के साथ प्रियांशी, सृष्टि और मुस्कान भगवानपुर वैशाली में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं. निधि तिवारी रसूलपुर थाना क्षेत्र के घूरापाली ग्राम की निवासी हैं. वर्तमान में वह शहर के रतनपुरा ओझा टोली भगवान बाजार आवास पर रहती हैं. वहीं इनके पिता ऋषिकेश तिवारी उर्फ विकास तिवारी और माता डॉली तिवारी ने उज्ज्वल भविष्य की कामना की है. इस उपलब्धि पर जिला सेपक टकरा संघ के सचिव तरुण कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष राजेश ओझा बिहार राज्य सेपक टकरा संघ के राज्य सचिव डॉ. करुणेश कुमार, बिहार टीम के कोच अजीत कुमार, भागवत विद्यापीठ के प्राचार्य डॉ. अमरेन्द्र सिंह, वी एन उपाध्याय, कबड्डी कोच हिमांशु कुमार समेत कई खेलप्रेमियों ने बधाई दी है.