CHHAPRA DESK - सारण जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह, उमंग और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया. जिले का मुख्य समारोह राजेंद्र स्टेडियम, छपरा में आयोजित हुआ, जहां सूबे के उपमुख्यमंत्री सह प्रभारी मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और जिलावासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं. वहीं स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित सारण के संकल्प को और मजबूत किया. उक्त अवसर पर महादलित टोले में भी शान से तिरंगा फहराया गया. स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी ने छपरा नगर निगम के वार्ड नं 20 अंतर्गत दहियावां मिशन रोड, पानी टंकी के पास स्थित महादलित टोला में आयोजित ध्वजारोहण कार्यक्रम में भाग लिया. इस अवसर पर उन्होंने बच्चों से संवाद किया तथा महादलित टोले के बच्चों के बीच स्कूल बैग एवं लेखन सामग्री का वितरण किया. जिसके बाद जिला प्रशासन एवं आमजन के बीच सौहार्दपूर्ण वातावरण में फैंसी क्रिकेट प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया. प्रतियोगिता ने आपसी सहभागिता, भाईचारे और टीम भावना को और मजबूत किया. स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयुक्त कार्यालय, समाहरणालय, डीडीसी कार्यालय, एसडीओ कार्यालय, मेडिकल कॉलेज सदर अस्पताल छपरा जंक्शन के आरपीएफ पोस्ट एवं जीआरपी के साथ सभी थाना एवं सरकारी कार्यालयों में शान से तिरंगे को फहराकर सलामी दी गई.