CHHAPRA DESK- सारण जिले में 22 नवंबर से पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत होगी. जिसको लेकर आज सदर अस्पताल परिसर स्थित डीआईओ कार्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. उस दौरान जिला मलेरिया पदाधिकारी सह जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ सुरेंद्र महतो ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को रवाना किया. रैली में शामिल एएनएम कर्मियों ने अस्पताल परिसर में भ्रमण कर लोगों को पोलियो की दो बूंद दवा पिलाने के प्रति जागरूक किया. डॉ सुरेंद्र महतो ने बताया कि बिहार के 31 जिलों में एक साथ 22 नवंबर से पल्स पोलियो अभियान चलाया जाएगा. इसके तहत जिले में 6 लाख 64 हजार 495 घरों को चिह्नित किया गया है, जबकि पांच लाख 48 हजार 610 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. अभियान को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं. उन्होंने बताया कि अभियान में कुल 1481 एचटीएच टीम, 250 ट्रांजिट टीम और 36 मोबाइल टीमों को लगाया गया है. इसके अलावा 543 सुपरवाइजर की निगरानी में कुल 35 हजार 468 कर्मी अभियान को सफल बनाएंगे. रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, चौक-चौराहों और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर भी वालंटियर की तैनाती की गई है, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक पीने से वंचित न रह जाए. इस मौके पर अंशुमान पांडेय, डाटा असिस्टेंट रवि कुमार, जेएसआई के आरआरटी धर्मेंद्र कुमार, जिला कोऑर्डिनेटर राकेश कुमार समेत अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद थे.