CHHAPRA DESK- सारण जिले में बाढ़ की स्थिति विकराल रूप लेती जा रही है. नेपाल में भारी वर्षा के बाद वाल्मीकि नगर बराज से पानी छोड़े जाने के बाद अब स्थिति बिगड़ने लगी है. हालात ऐसे हो गए हैं कि एन एच- 722 पर बाढ़ का पानी बह रहा है. जिसके कारण छपरा-मुजफ्फरपुर का मार्ग भी अवरूद्ध हो चुका है. फलस्वरूप प्रशासन अलर्ट है और सतत निगरानी कर NH-722 पर फंसे लोगों का रेस्क्यू किया जा रहा है. जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं पुलिस अधीक्षक रोशन कुमार स्वयं नाव से मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान का नेतृत्व एवं निगरानी कर रहे हैं तथा पानी में फंसे लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की कार्रवाई में प्रत्यक्ष रूप से शामिल हैं. इसी क्रम में मकेर प्रखंड के बाढ़ प्रभावित पंचायतों से भी बाढ़ प्रभावित लोगों को सुरक्षित निष्क्रमण कराया जा रहा है. जिला प्रशासन द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है. संबंधित पदाधिकारियों, NDRF/SDRF टीमों एवं अन्य बचाव दलों को सक्रिय रखा गया है तथा आवश्यकता के अनुसार राहत एवं बचाव कार्यों को तत्काल संचालित किया जा रहा है. वहीं टूटे बांध की मरमती का कार्य भी कराया जा रहा है. लेकिन, यह सारण तटबंध का मुख्य बांध होने के कारण रिपेयर में भी काफी मुश्किलें आ रही है. फिलहाल जिला प्रशासन की प्राथमिकता प्रभावित एवं पानी में फंसे प्रत्येक व्यक्ति को निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जा रहा है.
सारण में बाढ़ का विकराल रूप; NH-722 पर बह रहा पानी ; राहत कार्य में जुटा प्रशासन

