CHHAPRA DESK - सारण जिले में नकली दवा फैक्ट्री के उद्भेदन के बाद जिले में हड़कंप मचा हुआ है. खास बात यह है कि सारण जिले के किसी भी अधिकारी पदाधिकारी को इस काले गोरखधंधे की जानकारी नहीं थी. नकली दवा का कारोबार फैलता जा रहा था. सप्लाई जिले और जिले से बाहर भी की जाती थी. जिसकी गुप्त सूचना के आधार पर पटना की टीम छपरा पहुंची थी. जिसके बाद ड्रग इंस्पेक्टर के साथ मिलकर यह छापेमारी की गई तो बड़ा खुलासा हुआ है. यह कारोबार लाखों का बताया जा रहा है. स्टेट टीम में डॉक्टर सुमंता कुमार घोष एवं आयुर्वेदिक दवा इंस्पेक्टर शामिल थे. जिनके द्वारा छपरा के ड्रग इंस्पेक्टर कुंदन कुमार केसरी के साथ पुलिस टीम की मदद से छापेमारी की गई. मामला सारण जिले के एकमा थाना क्षेत्र अंतर्गत फुचटी खुर्द गांव से सामने आया है. फिलहाल आरोपी फरार है.
चोरी-छुपे बनाई जाती थी अंग्रेजी व आयुर्वेदिक दवा
सारण जिला अंतर्गत एकमा थाना क्षेत्र के फुचटी खुर्द गांव निवासी अनिरुद्ध शर्मा के द्वारा घर में चोरी-छुपे अंग्रेजी व आयुर्वेदिक दवा बनाई जाती थी. जिसका रॉ मैटेरियल जड़ी-बूटी के साथ केमिकल भी बरामद किया गया है. हालांकि उस दौरान उक्त आरोपी पुलिस बल को देखते ही भाग निकला था, जिसके बाद स्थानीय पुलिस की मदद से जबरन घर को खुलवा कर छापेमारी की गई तो मामला खुल गया.
दवा के साथ ब्रांडिंग के लिए रैपर व कैच कवर भी किया गया जब्त
गुप्त सूचना के आधार पर टीम के द्वारा लाखों रुपए मूल्य की अंग्रेजी व आयुर्वेदिक दवा को जप्त किया गया. उस दौरान दवा के ब्रांडिंग को लेकर तैयार किया गया रैपर व कैच कवर भी पुलिस के द्वारा जब्त किया गया है. वहीं काफी मात्रा में बिना लेवल का तैयार किया गया अंग्रेजी दवा का टेबलेट, आयुर्वेदिक दवाएं एवं जड़ी बूटी व पाउडर भी बरामद किया गया है. बताया जा रहा है अनिरुद्ध शर्मा के द्वारा फर्जी तरीके से अपने घर में ही दवा बनाया जा रहा था, जिसकी सप्लाई उसके द्वारा दी जाती थी.


