CHHAPRA DESK - सारण जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में आज शुक्रवार को केंद्रीय विद्यालय, छपरा के विद्यालय भवन में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया. ​इस जागरूकता शिविर का मुख्य विषय 'पॉक्सो एक्ट (POCSO Act)', 'सूचना का अधिकार अधिनियम (Right to Information Act)' एवं 'नागरिकों के मूल कर्तव्य (Citizens Fundamental Duties)' रखा गया. मौके पर स्मिता राज, अनन्य विशेष न्यायाधीश पॉक्सो द्वारा विद्यालय के छात्र-छात्राओं पॉक्सो एक्ट के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि पॉक्सो एक्ट (POCSO Act - Protection of Children from Sexual Offences Act, 2012) यह विशेष कानून 18 वर्ष से कम आयु के सभी बालकों और बालिकाओं को यौन उत्पीड़न, यौन हमला और पोर्नोग्राफी जैसे अपराधों से संरक्षण प्रदान करने के लिए बनाया गया है. यह एक लैंगिक-तटस्थ (Gender-Neutral) कानून है. यानि यह लड़के और लड़की दोनों पर समान रूप से लागू होता है. इसमें बच्चों के बयानों को दर्ज करने और सुनवाई के दौरान बाल-अनुकूल (Child-Friendly) माहौल बनाए रखने का प्रावधान है. मीडिया या जनता के सामने पीड़ित बच्चे की पहचान उजागर करना सख्त वर्जित हैं.वर्ष 2019 के संशोधन के बाद इसमें सबसे जघन्य अपराधों के लिए मृत्युदंड का प्रावधान जोड़ा गया.

जागरूकता कार्यक्रम में पैनल अधिवक्ता सुनीता कुमारी ने सूचना का अधिकार अधिनियम (Right to Information Act - RTI Act, 2005) के संबंध में सभी को बताया कि यह अधिनियम जिसका उद्देश्य सरकारी प्रणालियों में पारदर्शिता लाना और भ्रष्टाचार पर लगाम कसना है. इसके तहत देश का कोई भी नागरिक किसी भी सरकारी विभाग, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों और सरकार से सहायता प्राप्त संस्थाओं से जानकारी मांग सकता है. जानकारी न देने या टालमटोल करने वाले लोक सूचना अधिकारी (PIO) पर प्रतिदिन के हिसाब से आर्थिक जुर्माना लगाने का प्रावधान है. यह कानून लोकतंत्र में जनता को वास्तविक शक्ति प्रदान करता है और सरकारी अधिकारियों को जवाबदेह बनाता है. वहीं राजीव कुमार सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकार सारण के द्वारा बताया गया कि भारतीय संविधान के भाग-IVक (अनुच्छेद 51A) में नागरिकों के मूल कर्तव्यों का उल्लेख है. संविधान का पालन करना और उसके आदर्शों, राष्ट्रध्वज व राष्ट्रगान का आदर करना. कार्यक्रम में स्मिता राज, राजीव कुमार, सुनिता कुमारी पैनल अधिवक्ता, सिमोना राज अधिवक्ता, प्रतीक राज लॉ स्टूडेंट, मुकेश कुमार श्रीवास्तव के अतिरिक्त, स्कूल के शिक्षकगण इस कार्यक्रम में उपस्थित रहें.