CHHAPRA DESK- छपरा शहर के एक प्रसिद्ध मिष्ठान भंडार में एक्सपायरी चिप्स बेचे जाने का मामला सामने आया है. इस बात का खुलासा खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी में हुआ है. जिसके बाद उस एक्सपायर चिप्स को विनष्ट कराया गया है. मामला शहर के प्रसिद्ध हरिलाल मिष्ठान भंडार से सामने आया है. आज में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने छापेमारी कर खाद्य पदार्थों की जांच की. खाद्य सुरक्षा अधिकारी धर्मेंद्र कुमार के नेतृत्व में की गई जांच के दौरान दुकान में कई अनियमितताएं सामने आईं. ग्राहकों को परोसे जाने वाले चिप्स के कुछ पैकेट एक्सपायर्ड पाए गए. जिसके बाद अधिकारियों ने संबंधित चिप्स को मौके पर ही विनष्ट करा दिया. खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने दुकान में रखे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, पैकेजिंग और उपयोग की अवधि की जांच की. उस दौरान एक्सपायर्ड चिप्स मिलने पर संचालक को आवश्यक निर्देश दिए गए. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि खाद्य सामग्री के रखरखाव में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. भविष्य में जांच के दौरान इस तरह की अनियमितता मिलने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी. जांच के दौरान खाद्य पदार्थों को ग्राहकों तक पहुंचाने और परोसने के तरीके की भी जानकारी ली गई. अधिकारियों ने कर्मचारियों को खाद्य सामग्री को हाथ लगाने और परोसने के दौरान ग्लव्स का इस्तेमाल करने का निर्देश दिया. साथ ही साफ-सफाई और खाद्य पदार्थों के सुरक्षित रखरखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा गया. खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई से शहर के अन्य मिष्ठान व खाद्य प्रतिष्ठानों में भी हड़कंप की स्थिति रही. अधिकारियों ने बताया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और लोगों के स्वास्थ्य को देखते हुए आगे भी प्रतिष्ठानों की जांच जारी रहेगी.