CHHAPRA DESK- सारण प्रमंडलीय आयुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में सोनपुर आयोजन क्षेत्र के मास्टर प्लान-2045 के ड्राफ्ट की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में मास्टर प्लान का पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया गया. सांसद राजीव प्रताप रूडी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े. सोनपुर विधायक विनय कुमार सिंह, विधायक सदर छोटी कुमारी एवं विधान परिषद सदस्य वीरेंद्र नारायण यादव सहित संबंधित पदाधिकारी एवं अन्य हितधारक उपस्थित रहे. प्रस्तावित सोनपुर प्लानिंग एरिया का कुल क्षेत्रफल 599 वर्ग किलोमीटर है, जिसमें दरियापुर, दिघवारा, सोनपुर, गड़खा एवं परसा प्रखंड शामिल होंगे. योजना क्षेत्र में 36.71 वर्ग किलोमीटर शहरी एवं 562.29 वर्ग किलोमीटर ग्रामीण क्षेत्र प्रस्तावित है. इसमें तीन शहरी केंद्र एवं 416 राजस्व ग्राम शामिल होंगे. वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार योजना क्षेत्र की कुल जनसंख्या 8,72,676 है. मास्टर प्लान का उद्देश्य सोनपुर क्षेत्र को आधुनिक एवं एकीकृत शहर के रूप में विकसित करना, औद्योगिक एवं आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देना, पर्यटन, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार करना तथा रोजगार के अवसरों का सृजन करना है. इसके साथ ही सड़क एवं जलमार्ग आधारित लॉजिस्टिक नेटवर्क, क्षेत्रीय कनेक्टिविटी, पारिस्थितिक संतुलन एवं विरासत संरक्षण पर भी विशेष जोर दिया गया है. बैठक में सांसद एवं जनप्रतिनिधियों ने मास्टर प्लान के प्रस्ताव का समर्थन करते हुए इसे क्षेत्र के औद्योगिक, स्वास्थ्य, पर्यटन एवं समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया. उन्होंने योजना को शीघ्र धरातल पर उतारने हेतु आवश्यक कार्रवाई का सुझाव दिया. बैठक के अंत में समिति के उपाध्यक्ष-सह-जिला पदाधिकारी, वैभव श्रीवास्तव ने सभी संबंधित हितधारकों से ड्राफ्ट पर अपना फीडबैक उपलब्ध कराने का अनुरोध किया. इसके पश्चात समिति के अध्यक्ष-सह-आयुक्त, सारण प्रमंडल मनीष कुमार ने सभी की सहमति से ड्राफ्ट प्रस्ताव का अनुमोदन किया. उन्होंने कहा कि यह योजना सारण जिला ही नहीं, बल्कि बिहार के लिए भी एक बड़ी उपलब्धि होगी. आयुक्त ने प्रस्ताव में आवश्यक सुझावों को शामिल करने हेतु नगर आयुक्त, छपरा नगर निगम को संबंधित कंसल्टेंट्स की टीम के साथ समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
सोनपुर आयोजन क्षेत्र का मास्टर प्लान-2045 ; ये पांच प्रखंड होंगे शामिल

