CHHAPRA DESK - आगामी 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के सफल एवं गरिमामय आयोजन को लेकर एक विस्तृत समीक्षा बैठक आज समाहरणालय सभागार में जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आयोजित की गई. बैठक में सभी संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे. बैठक के दौरान स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों के प्रत्येक बिंदु की गहन समीक्षा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए. जिला पदाधिकारी द्वारा स्पष्ट रूप से निर्देश दिया गया कि संपूर्ण कार्यक्रम का मिनट-टू-मिनट शेड्यूल तैयार कर पूर्व से ही उपलब्ध कराया जाए, ताकि समारोह का संचालन निर्धारित समयानुसार सुचारू रूप से संपन्न हो सके.

कार्यक्रम संचालन में समय प्रबंधन पर विशेष बल

जिला पदाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक गतिविधि के लिए निर्धारित समय का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए तथा समय प्रबंधन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए. उन्होंने कहा कि सभी कार्यक्रम तय समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत पूर्ण कराए जाएं तथा किसी भी प्रकार की विलंब की स्थिति न उत्पन्न हो.

राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान एवं बिहार गीत की पूर्व तैयारी के निर्देश

बैठक में जिला पदाधिकारी द्वारा विशेष रूप से निर्देश दिया गया कि राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान एवं बिहार गीत के लिए पूर्व से ही समुचित अभ्यास एवं तैयारी सुनिश्चित की जाए, ताकि समारोह के दौरान इनका प्रस्तुतीकरण गरिमापूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से हो सके.

समग्र तैयारियों की समीक्षा एवं आवश्यक निर्देश

जिला पदाधिकारी ने परेड, ध्वजारोहण, सांस्कृतिक कार्यक्रमों सहित सभी गतिविधियों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन अनुशासित, भव्य एवं समयबद्ध होना चाहिए. बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा कार्यपालक अभियंता, भवन को भी आवश्यक निर्देश दिए गए. उन्होंने परेड ग्राउंड में बैरिकेटिंग की समुचित व्यवस्था, रंग-रोगन कार्य, मैदान के समतलीकरण तथा अतिरिक्त बालू की हटाने की कार्रवाई समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि समारोह स्थल पूर्णतः सुव्यवस्थित एवं आकर्षक स्वरूप में तैयार हो सके.