CHHAPRA DESK - स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर छपरा जंक्शन पर आरपीएफ के द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष जांच अभियान चलाया गया. आरपीएफ कमांडेंट एस रामकृष्णन के निर्देश पर चलाए गए अभियान के दौरान स्टेशन परिसर के विभिन्न स्थानों की सघन जांच की गयी. सुरक्षा जांच को लेकर आरपीएफ जवानों के साथ डॉग स्क्वायड की टीम भी मौजूद रही. आरपीएफ प्रभारी विनोद कुमार यादव के नेतृत्व में टीम ने सबसे पहले पार्सल कार्यालय एवं आसपास के क्षेत्रों की जांच की. इसके बाद सर्कुलेटिंग एरिया, प्लेटफार्म और ऊपरगामी पुल पर भी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया. डॉग स्क्वायड की मदद से संदिग्ध वस्तुओं और लावारिस सामान की जांच की गयी। यात्रियों के सामान तथा स्टेशन परिसर में रखे गए सामान पर भी विशेष नजर रखी गयी।स्वतंत्रता दिवस के दौरान स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए आरपीएफ ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया है. अधिकारियों ने बताया कि स्टेशन परिसर में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ ही यात्रियों की सुरक्षा को लेकर लगातार जांच की जा रही है. प्लेटफार्म पर आने-जाने वाले यात्रियों के बीच भी आरपीएफ जवानों ने निगरानी बढ़ायी है. आरपीएफ अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की कि स्टेशन परिसर में कोई भी संदिग्ध या लावारिस वस्तु दिखाई देने पर इसकी सूचना तत्काल सुरक्षा कर्मियों को दें. आरपीएफ की टीम ने स्टेशन के प्रवेश और निकास वाले स्थानों के अलावा सर्कुलेटिंग एरिया में भी सुरक्षा व्यवस्था की जांच की. अधिकारियों ने जवानों को संदिग्ध गतिविधि या वस्तु मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया. स्वतंत्रता दिवस तक स्टेशन परिसर में इस तरह की जांच और निगरानी जारी रहने की संभावना है. जांच अभियान में आरपीएफ के विजय रंजन मिश्रा, विजय प्रताप सिंह, सुंदरजीत समेत अन्य जवान शामिल रहे.
स्वतंत्रता दिवस को ले छपरा जंक्शन पर चला सुरक्षा जांच अभियान


