CHHAPRA DESK - आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह के सफल, भव्य एवं गरिमामय आयोजन को लेकर जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव के आदेशानुसार आज उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में विकास भवन स्थित उनके कार्यालय कक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की विभागवार विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने का निर्देश दिया गया. बैठक के दौरान मुख्य समारोह स्थल की तैयारी, ध्वजारोहण कार्यक्रम, परेड एवं मार्चपास्ट, सांस्कृतिक कार्यक्रम, मंच एवं बैठक व्यवस्था, पेयजल, विद्युत, साफ-सफाई, चिकित्सा सुविधा, अग्निशमन, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई.

उप विकास आयुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए तैयारियों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय गौरव, सम्मान एवं देशभक्ति का पर्व है. इसके आयोजन में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए. सभी पदाधिकारी एवं कर्मी अपने-अपने दायित्वों का पूरी गंभीरता, अनुशासन एवं तत्परता के साथ निर्वहन सुनिश्चित करें, ताकि समारोह गरिमापूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके. उन्होंने समारोह स्थल पर स्वच्छता, पेयजल, विद्युत, सुरक्षा, चिकित्सा एवं अग्निशमन जैसी आवश्यक व्यवस्थाओं को पर्याप्त एवं सुचारु रूप से सुनिश्चित करने तथा कार्यक्रम के दौरान आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया. बैठक में प्रभारी पदाधिकारी, जिला सामान्य शाखा द्वारा स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों एवं विभिन्न विभागों को सौंपे गए दायित्वों की विस्तृत जानकारी दी गई. उप विकास आयुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को अपने-अपने कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कराने का निर्देश दिया. बैठक में जिला सामान्य शाखा के पदाधिकारियों सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे.