CHHAPRA DESK - सारण जिले में तेज रफ्तार का कहर लगातार जारी है. बीते 12 घंटे में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में हुए हादसे में सात लोगों की मौत हो चुकी है. चार मौतें बीती रात छपरा-मुजफ्फरपुर हाईवे स्थित सोनहो टोल प्लाजा के समीप अनियंत्रित हाईवा ट्रक की चपेट में आने से हुई थी. जिसमें टोटो चालक सहित कुल चार लोगों की मौत हुई थी, जिसमें एक ही परिवार के तीन लोग शामिल है. मृतकों में अमनौर थाना क्षेत्र के सुल्तानगंज गांव निवासी फारूक मियां, उनकी पतोहू इब्राहिम अंसारी की पत्नी शहीदा खारुन एवं 13 वर्षीय पुत्री शना खातुन तथा टोटो चालक इलियास अंसारी का पुत्र दिलशाद अंसारी शामिल है. जबकि एक अन्य घटना में एकमा थाना क्षेत्र में अनियंत्रित बाइक के धक्के से एक वृद्ध व्यक्ति की मौत सदर अस्पताल में उपचार के दौरान हो गई. मृतक स्थानीय थाना क्षेत्र के गंजपर गांव निवासी हबीब मियां का पुत्र 77 वर्षीय पुत्र पान मोहम्मद बताया गया है. सदर अस्पताल में चिकित्सक द्वारा उसे मृत घोषित किए जाने के बाद परिवार में रोना-पीटना लग गया. वहीं सदर अस्पताल में मौजूद भगवान बाजार थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जहां मृतक के परिवार वालों ने बताया कि वह सुबह में सड़क पार कर रहे थे, उसी बीच तेज गति बाइक चालक ने उन्हें टक्कर मार दिया, जिसके कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गए और उन लोगों के द्वारा उन्हें सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई.
जबकि, एक अन्य घटना में जिले के मढ़ौरा थाना अंतर्गत तेजपुरवा बगही पुल के रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हुई है. सूचना के बाद स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान का प्रयास किया, लेकिन समाचार प्रेषण तक शव की पहचान नहीं हो पाई है. शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में कराए जाने के बाद पहचान के लिए उसे सुरक्षित रखा गया है. जबकि, एक अन्य घटना में जिले के गड़खा थाना क्षेत्र अंतर्गत बीबीपुर गांव से एक वृद्ध व्यक्ति का शव बरामद किया गया. शव की पहचान नहीं होने के कारण पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया. हालांकि छानबीन के क्रम में समाचार प्रेषण तक शव की पहचान कर ली गई है. फिलहाल परिजन कागजी कार्रवाई में जुटे हुए हैं. जिसके बाद उन्हें शव सुपुर्द किया जाएगा.

