CHHAPRA DESK - सारण जिला अंतर्गत ​पानापुर ठाकुरबाड़ी मंदिर में बीती रात एक अनोखा नजारा देखने को मिला, जब वर्षों से एक-दूसरे से प्रेम करने वाले प्रेमी युगल ने शादी रचाई. इस अनोखे विवाह के गवाह बने गांव के पंचायत प्रतिनिधि और स्थानीय पुलिस, जिन्होंने बराती और घराती की भूमिका निभाते हुए वर-वधू को अपना आशीर्वाद दिया. प्राप्त जानकारी के अनुसार बनियापुर प्रखंड के देवलखा भिट्ठी गांव की 23 वर्षीया युवती का पानापुर प्रखंड के मेंथौरा गांव के 26 वर्षीय युवक के साथ लगभग आठ नौ साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था. दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन उनके परिजन सहमत नहीं थे. इस बीच गुरुवार को युवती प्रेमी के घर पहुंच गयी. इस बात की जानकारी जब युवती के घरवालों को हुई तो शुक्रवार को वो भी मेंथौरा गांव पहुंच गये एवं मारपीट पर उतारू हो गये. इस बीच सूचना पाकर डायल 112 पुलिस भी मौके पर पहुंची एवं दोनों पक्षों से बातचीत की.काफी मान मनौव्वल के बाद भी दोनों प्रेमी युगल अपनी जिद पर अड़े रहे जिससे परिजनों को झुकना पड़ा. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पंचायत प्रतिनिधियों और पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों के परिजनों को थाने बुलाकर समझाया. काफी समझाने-बुझाने के बाद दोनों परिवार शादी के लिए सहमत हो गए. ​इसके बाद पानापुर स्थित ठाकुरबाड़ी मंदिर ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच प्रेमी जोड़े ने अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरे लिए और एक-दूसरे को वरमाला पहनाई.इस दौरान मंदिर के पुजारी एवं मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और पंचायत सदस्यों ने नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद दिया. इस अनोखी शादी की चर्चा अब पूरे क्षेत्र में हो रही है.