CHHAPRA DESK- कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर गंगा नहान को ले सारण जिले के विभिन्न नदी घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भी उमड़ पड़ी. सोनपुर मेला घाट से लेकर मांझी का अटल घाट, सिमरिया घाट सहित जिले के सभी नदी घाटों पर गंगा नहान के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही. वही नहान के लिए हजारों की जुटने वाली भीड़ को लेकर जिला प्रशासन के द्वारा व्यापक तैयारी एवं व्यवस्था की गई थी. जहां स्काउट गाइड की भी भूमिका अहम रही. उक्त अवसर पर नहान को लेकर अनेक घाटों पर श्रद्धालु पूरी रात नदी घाटों पर भजन-कीर्तन करते रहे. वहीं अल सुबह से ही घाटों पर नहान के लिए भीड़ लगी रही. गंगा नहान के बाद पूजा-अर्चना और दान-पुण्य कर लोगों ने भगवान से अच्छे स्वास्थ्य एवं समृद्धि की कामना की. नहान को लेकर सभी घाटों पर मेला लगा रहा. जहां दुकानों से लेकर बच्चों के मनोरंजन के लिए झूला लगाया गया था. वहीं श्रृंगार-पटार की दुकानों के साथ चाय-नाश्ता की दुकानों पर गुड़ की जलेबी की अच्छी मांग रही.

भारत स्काउट और गाइड के 150 कैडेटों ने संभाला मोर्चा

कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर आयोजित गोदना-सेमरिया मेला-2026 में छपरा सदर अनुमंडल पदाधिकारी एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी, सारण के पत्र के आलोक में भारत स्काउट और गाइड, सारण के 150 सीनियर कैडेटों की प्रतिनियुक्ति की गई है.

कैडेटों ने रात्रि 12:00 बजे से अलग-अलग पालियों में अपनी सेवा एवं जिम्मेदारियों का निर्वहन प्रारंभ कर दिया. इन्हें नाथ बाबा मंदिर सहित विभिन्न घाटों एवं मेला परिसर के प्रमुख स्थलों पर तैनात किया गया है. कैडेटों द्वारा भीड़ नियंत्रण, श्रद्धालुओं को सुगम आवागमन में सहयोग, यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित रखने तथा जिला प्रशासन के निर्देशानुसार विभिन्न जनसेवा एवं व्यवस्थागत कार्यों में सक्रिय सहयोग प्रदान किया गया.