CHHAPRA DESK- सूबे के उप मुख्यमंत्री-सह-वाणिज्य-कर मंत्री-सह- सारण के प्रभारी मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव ने आज दरियापुर प्रखंड अंतर्गत बारवें पंचायत में सारण तटबंध के समीप संचालित सामुदायिक किचेन एवं स्वास्थ्य कैंप का निरीक्षण किया. निरीक्षण के क्रम में उप मुख्यमंत्री ने सामुदायिक किचेन में बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए तैयार किए जा रहे भोजन की व्यवस्था एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली. उन्होंने स्वास्थ्य कैंप में बाढ़ प्रभावित लोगों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सीय सुविधाओं, दवाओं एवं स्वास्थ्य सेवाओं का भी जायजा लिया. उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को बाढ़ प्रभावित लोगों को भोजन, स्वास्थ्य सुविधा एवं अन्य आवश्यक राहत-सहायता निर्बाध रूप से उपलब्ध कराने तथा राहत कार्यों में पूरी तत्परता बनाए रखने का निर्देश दिया. बता दें कि सारण में बाढ़ का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है. अब तक जहां सैकड़ो घर बाढ की चपेट में हैं. वहीं, लगभग दो लाख की आबादी बाढ़ से प्रभावित है. जिसको लेकर जिला प्रशासन के द्वारा बाढ़ राहत शिविर का आयोजन कर सामुदायिक किचन के माध्यम से उनके भोजन की व्यवस्था की जा रही है तो पशुधन के लिए चारे की भी व्यवस्था की जा रही है.