VARANASI DESk - हैदराबाद में 04 से 14 सितम्बर, 2026 तक आयोजित 6वीं हॉकी इंडिया सीनियर डिपार्टमेंटल नेशनल चैंपियनशिप-2026 में पूर्वोत्तर रेलवे, वाराणसी मंडल के बनारस स्टेशन पर वाणिज्य विभाग में कार्यरत वरिष्ठ टिकट निरीक्षक एवं हॉकी खिलाड़ी अतुलदीप ने मिडफील्डर की भूमिका में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया. इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर आज दिनांक 25 सितम्बर, 2026 को मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने अपने कार्यालय में अतुलदीप का स्वागत एवं उत्साहवर्धन किया तथा उनकी उपलब्धि पर बधाई दी.
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने कहा कि “ अतुलदीप की यह उपलब्धि पूरे वाराणसी मंडल एवं पूर्वोत्तर रेलवे के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने अपनी प्रतिभा, मेहनत, अनुशासन एवं समर्पण से उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है. हमें विश्वास है कि उनकी यह सफलता अन्य रेल कर्मचारियों एवं खिलाड़ियों को भी खेलों के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगी. इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक सह क्रीड़ा अधिकारी बालेंद्र पाल, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव एवं मंडल क्रीड़ा सचिव सतीश नारायण सिंह ने भी उनको बधाई एवं शुभकामनाएं दीं. उल्लेखनीय है कि इस प्रतियोगिता में देशभर की कुल 20 टीमों ने प्रतिभाग किया. भारतीय रेलवे की हॉकी टीम ने पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया. फाइनल मुकाबले में भारतीय रेलवे हॉकी टीम ने इंडियन पुलिस को 4-1 से पराजित कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया. इस प्रतियोगिता में अतुलदीप ने भी शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए टीम की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया.
