VARANASI DESK - वाराणसी के अस्सी घाट चौकी क्षेत्र अवस्थित ब्रह्मा वेद विद्यालय से लापता दो शिष्यों के परिवारवाले काफी परेशान हैं. दोनों आचार्य की पढ़ाई पढ़ने के लिए वहां गए थे. अभी इस मामले में विद्यालय प्रशासन कुछ भी बताने से परहेज कर रहा है जिसके बाद यह मामला अब थाने तक पहुंच गया है. इनमें एक छात्र छपरा शहर के मशरक थाना के लखनपुर गांव निवासी कुंदन मिश्रा और संध्या देवी का पुत्र अभय मिश्र है. जबकि दूसरा छात्र गौतम उपाध्याय वाराणसी का ही बताया गया है. इस मामले में अभय मिश्रा की मां के द्वारा वाराणसी के अस्सी घाट चौकी में एक तहरीर दी गई है, जिसमें उनके द्वारा बताया गया है कि उनका पुत्र अभय वेद विद्यालय में आचार्य की शिक्षा ग्रहण करने के लिए गया था. जहां बीते दिनों कुछ विवाद हुआ था जिसके बाद अभय सहपाठी गौतम के साथ 14 अगस्त से गायब है. इस घटना की सूचना उन्हें 15 अगस्त को दी गई. जिसके बाद वे लोग वाराणसी स्थित वेद विद्यालय पहुंचे, जहां विद्यालय प्रशासन के द्वारा उन्हें कोई जवाब नहीं दिया गया.
वाराणसी में आचार्य की शिक्षा ग्रहण करने गये दोनों शिष्य लापता ; विद्यालय प्रशासन मौन, थाने में तहरीर


