CHHAPRA DESK- सारण जिले का एकमात्र फार्मेसी संस्थान विवेकानंद VIP फार्मेसी कॉलेज में आज विश्व फार्मासिस्ट दिवस के उपलक्ष्य में उत्सव कार्यक्रम अत्यंत उत्साह और गरिमा के साथ पूरे धूम-धाम से मनाया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन तथा इस क्षेत्र में संलग्न अभ्यर्थियों को अपना स्नेहाशीष प्रदान करने के उद्देश्य से मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित वीआईपी ग्रुप के निदेशक सह रिविलगंज प्रखंड प्रमुख डॉ राहुल राज द्वारा दीप प्रज्वलन तथा सरस्वती वंदना के साथ किया गया. तदोपरांत विभिन्न प्रकार के रोचक और ज्ञानप्रद कार्यक्रमों की प्रस्तुति की गई. इस समारोह के साथ पौधारोपण भी किया गया. विश्व फार्मेसी दिवस के विशेष अवसर पर आज की थीम है 'स्वस्थ भविष्य के लिए फार्मासिस्टों को सशक्त बनाना'. डॉ राज ने अपने संबोधन में कहा कि फार्मासिस्ट केवल दवा देने वाले नहीं, बल्कि मरीज की देखभाल और समाज के स्वास्थ्य को सुरक्षित रखने में अहम भूमिका निभाते हैं. उन्होंने यह भी बताया कि प्रत्येक वर्ष 17 सितंबर से 23 सितंबर तक मनाया जाने वाला फार्मा कोविजिलेंस वीक भी मनाया गया. जिसके अंतर्गत फार्मासिस्ट संस्थान द्वारा लोगों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखकर अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए मरीजों को जागरूक करने के उद्वेश्य से उन्हें जानकारियां प्रदान की गई. जिसमें दवा की सही पहचान, उसकी रीस्टॉकिंग, दवाओं की समाप्ति तिथि और उनकी उपलब्धता आदि शामिल रहें, ताकि किसी भी प्रकार से किसी व्यक्ति के स्वास्थ्य पर उसका कोई गलत प्रभाव न पड़े. कार्यक्रम में छात्रों ने स्लोगन और भाषण के माध्यम से समाज में फार्मासिस्ट की महत्ता को उजागर किया. कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा “स्वस्थ भविष्य के लिए फार्मासिस्टों को सशक्त बनाना” विषय पर आयोजित संगोष्ठी, जिसमें विशेषज्ञों ने अपने एक से बढ़ कर एक विचार साझा किए. इस मौके पर विद्यार्थियों ने फार्मेसी से जुड़ी जागरूकता रैली निकाली, पोस्टर प्रेजेंटेशन आयोजित किया और क्विज़ प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लिया. जिसके माध्यम से लोगो को जागरूकता करने का प्रयास किया गया. अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ और सभी ने यह संकल्प लिया कि वे फार्मेसी के क्षेत्र में ईमानदारी और सेवा भाव से योगदान देंगे.
विश्व फार्मासिस्ट दिवस पर विवेकानंद VIP फार्मेसी कॉलेज में कार्यक्रम आयोजित


