GOPALGONJ DESK - गोपालगंज जिले के थावे थाना क्षेत्र में 41 लाख रुपये की ठगी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. मिनरल वाटर प्लांट के लिए पैकेजिंग मशीन लगाने के नाम पर कथित धोखाधड़ी करने के आरोप में ड्रग विभाग के रिटायर कर्मी बलिराम मिश्र को गिरफ्तार कर लिया गया. पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. थावे थानाध्यक्ष विभा कुमारी ने बताया कि पुलिस टीम ने नगर थाना क्षेत्र के सरेया वार्ड नंबर-1 में छापेमारी कर आरोपी बलिराम मिश्र को गिरफ्तार किया. गिरफ्तारी के बाद उससे कई घंटे तक पूछताछ की गई और फिर न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेज दिया गया.
मिनरल वाटर प्लांट की मशीन लगाने के नाम पर 41 लाख की ठगी का आरोप
पुलिस के अनुसार थावे थाना क्षेत्र के हरपुर गांव निवासी दीपक सिंह ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोप लगाया था कि मिनरल वाटर की पैकेजिंग मशीन लगाने के नाम पर उनसे 41 लाख रुपये की ठगी की गई. शिकायत में कहा गया कि आरोपी ने लंबे समय तक पैसे लेने के बावजूद मशीन उपलब्ध नहीं कराई और लगातार उन्हें टालता रहा. पीड़ित ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी भी दी. मामले की जांच के बाद पुलिस ने साक्ष्य जुटाए और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू की और पुलिस ने मामले की जांच पूरी करने के बाद बलिराम मिश्र को गिरफ्तार किया. गुरुवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.


