CHHAPRA DESK- आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में निगरानी विभाग की टीम ने ग्रामीण विकास विभाग के कार्यपालक अभियंता चंद्रशेखर सिंह के ठिकानों पर छापेमारी की. इस कार्रवाई के तहत छपरा स्थित उनके कार्यालय के साथ पटना और कटिहार स्थित आवासों पर भी तलाशी ली गई. छापेमारी के दौरान नकद, सोना और जमीन से संबंधित कागजात बरामद होने की सूचना है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, निगरानी विभाग की टीम ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में जांच को आगे बढ़ाते हुए एक साथ विभिन्न ठिकानों पर कार्रवाई की. टीम ने कार्यालय और आवासों में मौजूद दस्तावेजों की जांच की तथा संपत्ति से जुड़े कागजात खंगाले. उस दौरान नकद और सोने के आभूषणों के मिलने की बात सामने आई है. हालांकि इसकी पुष्टि होना बाकी है. वहीं जमीन से संबंधित दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है, ताकि संपत्ति के स्रोत और अभियुक्त अधिकारी की घोषित आय के बीच अंतर का पता लगाया जा सके. निगरानी विभाग की ओर से बरामद संपत्ति का आकलन और दस्तावेजों का सत्यापन किए जाने की संभावना है. हालांकि, बरामद नकदी और सोने की कुल मात्रा तथा जमीन के कागजातों से संबंधित संपत्तियों का पूरा ब्योरा आधिकारिक पुष्टि के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा. फिलहाल इस मामले में निगरानी विभाग की जांच जारी है.
आय से अधिक संपत्ति मामले में कार्यपालक अभियंता के छपरा कार्यालय के साथ पटना व कटिहार स्थित आवासों पर भी निगरानी ने की छापामारी
