CHHAPRA DESK - सारण जिला के एकमा थाना क्षेत्र से एक बड़ी सनसनीखेज खबर आ रही है, जहां दिनदहाड़े अपराधियों ने आभूषण व्यवसायी से लाखों रुपए मूल्य के आभूषण लूट की घटना को अंजाम दिया है. घटना एकमा-परसागढ मुख्य सड़क पर हुस्सेपुर पेट्रोल पंप के समीप की है. नकाबपोश अपराधियों ने हथियार के बल पर एक स्वर्ण व्यवसायी से आभूषण, मोबाइल फोन और बाइक लूट ली. वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी रामपुर बिंदालाल, सेंदुवार की ओर फरार हो गए. दिनदहाड़े हुई लूट की घटना से इलाके में दहशत का माहौल है. पीड़ित स्वर्ण व्यवसायी संदीप सोनी परसागढ बाजार में आभूषण की दुकान चलाते हैं. उन्होंने पुलिस को दिए लिखित आवेदन में बताया कि वह अपनी बाइक से एकमा से परसा बाजार स्थित अपनी दुकान जा रहे थे. उसी बीच हुस्सेपुर पेट्रोल पंप के समीप सड़क किनारे खड़े दो युवकों ने उनसे लिफ्ट मांगी. उनके कहने पर जैसे ही उन्होंने बाइक रोकी, तभी बाइक सवार दो नकाबपोश अपराधी वहां पहुंच गए.
अपराधियों ने हथियार का भय दिखाकर उन्हें अपने कब्जे में ले लिया और उनके पास मौजूद आभूषण, मोबाइल फोन तथा बाइक लूट ली. जिसके बाद सभी अपराधी परसा की ओर फरार हो गए. पीड़ित व्यवसायी के अनुसार, अपराधी करीब दो किलो चांदी के आभूषण और आठ ग्राम सोने के आभूषण लेकर फरार हुए. घटना के तत्काल बाद उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी. सूचना मिलते ही एकमा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेने के साथ पीड़ित से घटना की जानकारी ली. पुलिस ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ की. इस मामले में एकमा थानाध्यक्ष रामबालक यादव ने बताया कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके. थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना के कुछ ही देर बाद पुलिस ने लूटी गई बाइक और मोबाइल फोन घटनास्थल से कुछ दूरी से बरामद कर लिया, जिसे पीड़ित व्यवसायी को सौंप दिया गया है. हालांकि, लूटे गए सोने-चांदी के आभूषणों की बरामदगी अभी बाकी है. पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के साथ लूटे गए आभूषणों की बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है. दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद एकमा-परसागढ मुख्य सड़क पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों में भी चिंता बढ़ गई है.


