CHHAPRA DESK - छपरा शहर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत नैनी बाजितपुर गांव के समीप अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी मौत सदर अस्पताल में उपचार के दौरान हो गई. मृत युवक की पहचान स्थानीय थाना क्षेत्र के नैनी बाजितपुर निवासी रामनाथ राय के 30 वर्षीय पुत्र दीपक कुमार के रूप में हुई है.

बताया जा रहा है कि दीपक कुमार घर से बाहर दुकान पर सामान खरीदने के लिए बीती देर शाम जा रहा था. उसी दौरान अनियंत्रित अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दिया. इस दुर्घटना में वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा. दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से परिजन आनन-फानन में घायल दीपक को इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसकी मौत हो गई. ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक के द्वारा उसे मृत घोषित किए जाने के बाद घर परिवार में रोना-पीटना लग गया. सूचना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी. जिसके बाद आज शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में कराए जाने के बाद उसे परिवार वालों को सौंप दिया गया है. पोस्टमार्टम के दौरान मृतक के परिवार वालों ने बताया कि वह बीती देर संध्या कुछ सामान खरीदने के लिए सड़क पर गया था जहां किसी तेज गति से जा रही किसी अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दिया, जिसके कारण वह गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया. तब स्थानीय लोगों की मदद से उसे सदर अस्पताल पहुंचाया गया जहां उसकी मौत हुई है.