CHHAPRA DESK - सारण जिले के जलालपुर प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत एनएच-331 स्थित आईटीबीपी कैंप के समीप अज्ञात वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार एक वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी मौत सदर अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में हो गई. मृत व्यक्ति छपरा शहर के भगवान बाजार थाना क्षेत्र के श्यामचक मोहल्ला निवासी स्वर्गीय धर्मदेव मिश्रा के 73 वर्षीय पुत्र गंगेश्वर मिश्रा बताए गए हैं, जो कि मूल रूप से बनियापुर थाना क्षेत्र के चांदपुर गांव के रहने वाले थे. मिली जानकारी के अनुसार, गंगेश्वर मिश्रा अपनी स्कूटी से चांदपुर से छपरा आ रहे थे. उसी दौरान आईटीबीपी कोठेया के समीप एनएच-331 पर एक भैंस को बचाने के क्रम में उनकी स्कूटी दुर्घटनाग्रस्त हो गई, तभी पीछे से आ रही किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें रौंद दिया. घटना की सूचना मिलते ही जलालपुर थानाध्यक्ष पप्पू कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने उन्हें जलालपुर समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उनकी गंभीर स्थिति देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया. वहीं सदर अस्पताल पहुंचने पर ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉक्टर हरेंद्र प्रसाद के द्वारा उन्हें मृत घोषित कर दिया गया. जिसके बाद सदर अस्पताल में मौजूद भगवान बाजार थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराए जाने की प्रक्रिया की जा रही है.
अज्ञात वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार वृद्ध की मौत ; परिवार में मचा कोहराम

