CHHAPRA DESK- सारण जिले में बाढ़ के कारण डूब कर होने वाली मौतों की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ है. प्रतिदिन किसी न किसी क्षेत्र में तीन-चार लोग डूबकर काल के गाल में समा रहे हैं. आज भी बाढ़ के पानी में डूब कर तीन लोगों की मौत हुई है. पहली घटना आज सुबह में स्नान करने के दौरान रिविलगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत जान टोला दिलिया रहीमपुर स्थित सरयू नदी में स्नान करने के दौरान डूबने से हुई है, जहां भगवान बाजार थाना क्षेत्र के दौलतगंज जरती माई, रतनपुरा मोहल्ला निवासी मनोज राय के 20 वर्षीय पुत्र दशरथ कुमार राय की मौत हुई है.
जबकि, दूसरी घटना भी रिविलगंज थाना क्षेत्र से ही सामने आई है. जहां रिविलगंज थाना अंतर्गत औली गांव स्थित काशी बाबा स्थान के समीप तेल नदी में डूबने से एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हुई है. मृतक की पहचान स्थानीय थाना क्षेत्र के औली गांव निवासी स्वर्गीय हीरा महतो के 45 वर्षीय पुत्र राम जन्म महतो के रूप में की गई है. घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि तेल नदी में अनियंत्रित होकर गिरने के कारण वह उसमें डूब गये और जब तक उन्हें नदी से बाहर निकाला जाता तब तक मौत हो चुकी थी. इस घटना के बाद जहां घर परिवार में रोना-पीटना लग गया वहीं स्थानीय थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा, जहां शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद उसे परिवार वालों को सौंप दिया गया है.
जबकि, तीसरी घटना जिले के मकेर थाना क्षेत्र से सामने आई है, जहां 25 वर्षीय एक युवक की मौत रेवा घाट नदी पुल में डूबने से हुई है. मृतक की पहचान जिले के तरैया थाना क्षेत्र के टीकमपुर गांव निवासी लाल बहादुर राम के 25 वर्षीय पुत्र सचिन कुमार राम के रूप में की गई है. इस घटना की सूचना के बाद मकेर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा, जहां शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद उसे परिवार वालों को सौंप दिया गया है. बताया जाता है कि पुल से गिरकर पानी में डूबने के कारण उसकी मौत हुई है. हालांकि समाचार प्रेषण तक इस मामले में प्राथमिकी की प्रक्रिया जारी थी. वहीं पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है.


