CHHAPRA DESK- सारण जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में हुए हादसों में दो व्यक्ति की मौत हुई है. एक व्यक्ति की मौत जहां ट्रक के नीचे आने से हुई है वहीं दूसरे की मौत पीपल के पेड़ के नीचे आने से हुई है. पहली घटना में छपरा-पटना एनएच - 19 फोरलेन पर लालबाजार के पास अनिंयत्रित अज्ञात ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की घटना स्थल पर ही मौत हो गयी. जबकि बाइक पर बैठा दूसरा युवक घायल हो गया. स्थानीय लोगों ने घायल युवक को इलाज हेतु छपरा सदर अस्पताल भेजा. वहीं घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने छपरा पटना मुख्य मार्ग को जाम कर आवागमन बंद कर दिया गया. घटना की सूचना पर मुफस्सिल थानाध्यक्ष ने दल-बल के साथ मौके पर पहुंच आक्रोशित लोगों से बात करने की कोशिश की लेकिन आक्रोशित लोग मानने को तैयार नही थे. काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. मृत युवक की पहचान जिले के नयागांव थाना क्षेत्र के नयागांव कस्तुरी चक गांव निवासी पवन महतो के 29 वर्षीय पुत्र विकास कुमार के रूप में हुई. वह युवक फाइनेंस कंपनी में काम करता था. इसी वर्ष नवंबर में उसका शादी होना तय था. उसकी मौत के बाद खुशी का माहौल मातम में बदल गया. मौत की खबर सुनकर परिवार वालों का हाल-बेहाल है. जबकि, दूसरी घटना जिले के पानापुर थाना क्षेत्र से सामने आई है. मृत युवक की पहचान स्थानीय थाना क्षेत्र के बिजौली गांव निवासी कुमकुम राय के 32 वर्षीय पुत्र तेरस राय के रूप में की गई. इस घटना के संबंध में बताया जाता है कि गांव में ही एक विशालकाय पीपल के पेड़ के टूटने से वह उसकी चपेट में आ गया और पेड़ में दबकर वह गंभीर रूप से घायल हो गया. आनन-फानन में उसे स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. चिकित्सक द्वारा उसे मृत घोषित किए जाने के बाद परिवार वालों में रोना-पीटना लग गया. वहीं स्थानीय थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा, जहां शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद उसे परिवार वालों को सौंप दिया गया है.
अलग-अलग हादसों में दो व्यक्ति की मौत ; एक की ट्रक के नीचे तो दूसरे की पेड़ के नीचे आने से हुई मौत
